ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंडपति को मुंबई जाने से रोकने के लिए बस के आगे खड़ी हुई पत्नी, हुई मौत

पति को मुंबई जाने से रोकने के लिए बस के आगे खड़ी हुई पत्नी, हुई मौत

कोरोना काल की कई घटना ने आपको परेशान किया होगा, पर ऐसी घटना किसी भी इंसान को रुलाने के लिए काफी है। हजारीबाग के विष्णुगढ़ के सारुकुदर गांव में गुरुवार की शाम हृदय विदारक घटना हुई। कोरोना वॉरियर...

पति को मुंबई जाने से रोकने के लिए बस के आगे खड़ी हुई पत्नी, हुई मौत
हिन्दुस्तान,हजारीबागThu, 21 May 2020 10:59 PM
ऐप पर पढ़ें

कोरोना काल की कई घटना ने आपको परेशान किया होगा, पर ऐसी घटना किसी भी इंसान को रुलाने के लिए काफी है। हजारीबाग के विष्णुगढ़ के सारुकुदर गांव में गुरुवार की शाम हृदय विदारक घटना हुई। कोरोना वॉरियर ड्राइवर पति को मुंबई जाने से रोक रही पत्नी की मौत उसी के पति के हाथों हो गई। दरअसल, पति मुंबई से प्रवासी मजदूरों को लेकर विष्णुगढ़ लौटा था और घर वालों से मिलने के बाद वापस जा रहा था। पत्नी मुंबई में कोरोना के कहर के कारण उसे वापस नहीं जाने देना चाह रही थी। वह उसे रोकने के उद्देश्य से बस के आगे आ गई तभी पति ने बस आगे बढ़ा दी। इससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार महिला का पति वासुदेव महतो (पिता झमन महतो) मुंबई में रहकर बस ड्राइवर के रूप में काम करता था। इधर, कोरोना संक्रमण को लेकर लॉकडाउन के बाद मुंबई में फंसे हजारीबाग के कई प्रवासी मजदूरों को बस से लेकर गांव सारूकुदर आया था। प्रवासी मजदूरों को क्वारंटाइन सेंटर छोड़ने के बाद वह अपने घर पहुंचा। घर पहुंचने पर पत्नी कुंती देवी (30) व माता-पिता से मिलकर वह पुनः मुंबई लौटने की तैयारी में लग गया। मुंबई लौटने की बात पत्नी को नागवार गुजरी, उसने पति को मुंबई जाने से मना किया, पर पति को अपनी ड्यूटी निभानी थी। वह मुंबई लौटने की जिद पर अड़ा रहा।

पत्नी की मौत के बाद हुआ फरार
इसे लेकर दोनों के बीच काफी कहा-सुनी भी हुई। पति बस पर सवार होकर बस स्टार्ट कर दिया। इसी बीच पत्नी बस के आगे आकर पति को मना करने लगी। पति ने पत्नी को डराने के लिए बस आगे बढ़ा दी, पर पत्नी वहां से हटी नहीं। इससे बस की चपेट में आकर पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। ड्राइवर पति पत्नी को बस से कुचलते हुए आगे बढ़ गया और गांव से कुछ दूरी पर बस को दूसरे चालक को थमा कर फरार हो गया। सूचना पर विष्णुगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर थाना ले आई। फिलहाल पति की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

रुक जाता तो पत्नी करती बट सावित्री पूजा
शुक्रवार को बट सावित्री पूजा है, पति अगर रुक जाता तो वह अन्य महिलाओं के साथ मिलकर यह पूजा करती। डेढ़ साल बाद पति लौटा तो रुका भी नहीं। वह रोकती भी रही। पर पति की जिद भी ऐसी थी वह मानने को तैयार नहीं हुआ। पत्नी की मौत हो जाने के बाद वह फरार हो गया। कोरोना वारियर्स होने के बाद भी वह एक कलंकित बन गया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें