ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंडरंजय हत्याकांड मामले में हर्ष सिंह के खिलाफ वारंट जारी

रंजय हत्याकांड मामले में हर्ष सिंह के खिलाफ वारंट जारी

झरिया विधायक संजीव सिंह के करीबी रंजय सिंह की हत्या मामले में सोमवार को सरायढेला पुलिस ने डिप्टी मेयर एकलव्य सिंह के मौसेरे भाई हर्ष सिंह को अप्राथमिक अभियुक्त बनाया है। आरोपी बनाए जाने के साथ ही केस...

रंजय हत्याकांड मामले में हर्ष सिंह के खिलाफ वारंट जारी
धनबाद, वरीय संवाददाताMon, 20 Aug 2018 11:25 PM
ऐप पर पढ़ें

झरिया विधायक संजीव सिंह के करीबी रंजय सिंह की हत्या मामले में सोमवार को सरायढेला पुलिस ने डिप्टी मेयर एकलव्य सिंह के मौसेरे भाई हर्ष सिंह को अप्राथमिक अभियुक्त बनाया है। आरोपी बनाए जाने के साथ ही केस के आईओ सह सरायढेला थाना प्रभारी निरंजन तिवारी ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी राजीव रंजन के न्यायालय में आवेदन देकर हर्ष सिंह का गिरफ्तारी वारंट मांगा। अर्जी पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने हर्ष के खिलाफ गैर जमानतीय वारंट जारी कर दिया है। इधर कांड में नाम आते ही एसएसपी के आदेश पर हर्ष सिंह के सरकारी बॉडीगार्ड को वापस बुला लिया गया है।

कोर्ट में दाखिल अर्जी में पुलिस ने बताया कि रंजय सिंह की हत्या मामले में पकड़े गए आरा बेरथ के नंद कुमार उर्फ रूना सिंह उर्फ बबलू सिंह उर्फ मामा ने पुलिस के समक्ष हर्ष सिंह को साजिशकर्ता बताया है। मामा के इकबालिया बयान के आधार पर हर्ष सिंह को कांड का अप्राथमिक अभियुक्त बनाया गया है। इसलिए हर्ष सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया जाए। कोर्ट ने अर्जी पर सुनवाई करते हुए वारंट जारी करने का आदेश दिया। शाम में पुलिस ने कोर्ट से हर्ष सिंह का वारंट हासिल कर लिया। वारंट मिलते ही पुलिस हर्ष सिंह के ठिकाने का पता लगा रही है। हर्ष की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी करने की तैयारी में है।

सामने नहीं आया हर्ष तो पुलिस मांगेगी इश्तेहार
वारंट जारी होते ही हर्ष के खिलाफ कानूनी शिकंजा कस गया है। पुलिस वारंट का तामील कराने की तैयारी में है। छापेमारी में यदि हर्ष सिंह पुलिस के हाथ नहीं लगता है या सरेंडर नहीं करता है तो जल्द ही पुलिस उसके खिलाफ कोर्ट से कुर्की का इश्तेहार मांगेगी। इश्तेहार की कार्रवाई के बाद पुलिस कुर्की जब्ती के मूड में भी नजर आ रही है। एसएसपी मनोज रतन चोथे पहले ही कह चुके हैं कि शीघ्र हर्ष सिंह की गिरफ्तारी की जाएगी।

वारंट के साथ हर्ष के लिए खुला कानून का दरवाजा
वारंट जारी होने से पहले हर्ष सिंह कानूनी तौर पर रंजय हत्याकांड का आरोपी नहीं था। पुलिस के वारंट मांगते ही हर्ष सिंह के लिए कानून का दरवाजा भी खुल गया है। माना जा रहा है कि हर्ष सिंह की ओर से शीघ्र ही प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की जाएगी। यदि सेशन कोर्ट से राहत नहीं मिलती है तो हर्ष के अधिवक्ता हाईकोर्ट की शरण में भी जा सकते हैं। हर्ष सिंह के परिजन कानूनी सलाह ले रहे हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें