झारखंड के गिरिडीह जिले में ग्रामीणों ने बदले की भावना से चार घरों में आग लगा दी। इसके अलावा एक परिवार को भी निशाना बनाया और परिजनों पर हमला कर दिया। परिवार के एक सदस्य को तो ग्रामीणों ने पीट पीटकर मार ही डाला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) और डीसी खुद वहां पहुंच कर घटना के बारे में जानकारी ले रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गिरिडीह जिले के पीरटांड़ स्थित बिशनपुर पंचायत के पिपराटांड गांव में सैकड़ों ग्रामीणों ने एक परिवार को निशाना बनाया। सभी ग्रामीण तीर, धनुष और पारंपरिक हथियार से लैस थे। इसमें महिलाएं भी शामिल थीं। घटना शनिवार सुबह साढ़े 7 बजे की है। उग्र ग्रामीणों ने सुरेश मरांडी और उनके भाइयों व रिश्तेदारों के घरों में आग लगा दी। परिवार के सभी सदस्यों से मारपीट भी की। चार घर में आग लगाने से तीन घर पूरी तरह जल कर राख हो गए। घटना में सुरेश मरांडी की मौत हो गई है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है।
इसी गांव में एक पखवाड़ा पूर्व हीरालाल मरांडी का शव मिला था। आज घटी घटना को उसी से जोड़कर देखा जा रहा है। हीरालाल मंराडी के शव मिलने के मामले में सुरेश मरांडी समेत 7 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया था। ग्रामीणों ने आज हमला कर सुरेश मरांडी को मौत के घाट उतार दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि उसी घटना के बाद बदले की भावना के साथ आज ग्रामीणों ने हमला बोला है।