ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंडखुशहाली के लिए तीन राज्यों के लोग करेंगे पहाड़ पूजा, चाकुलिया में 27 जून से होगा आयोजन

खुशहाली के लिए तीन राज्यों के लोग करेंगे पहाड़ पूजा, चाकुलिया में 27 जून से होगा आयोजन

पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया में खुशहाली की प्रार्थना के लिए तीन राज्यों के लोग पहाड़ पूजा करेंगे। यह पूजा 27 जून से शुरू होगी। आस्था के केंद्र कान्हाईश्वर पहाड़ का आधा हिस्सा पश्चिमी बंगाल और आधा...

खुशहाली के लिए तीन राज्यों के लोग करेंगे पहाड़ पूजा, चाकुलिया में 27 जून से होगा आयोजन
हिन्‍दुस्‍तान टीम ,जमशेदपुरTue, 22 Jun 2021 09:29 AM
ऐप पर पढ़ें

पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया में खुशहाली की प्रार्थना के लिए तीन राज्यों के लोग पहाड़ पूजा करेंगे। यह पूजा 27 जून से शुरू होगी। आस्था के केंद्र कान्हाईश्वर पहाड़ का आधा हिस्सा पश्चिमी बंगाल और आधा झारखंड में पड़ता है, इसीलिए यहां दोनों राज्यों से लोग आते हैं, जबकि ओडिशा से सटा होने से वहां से लोग भी इस पूजा में शामिल होते हैं। उनकी एक ही कामना होती है कि अच्छी वर्षा हो और इससे खुशहाली आये। घाटशिला, मुसाबनी, डुमरिया, धालभूमगढ़ प्रखंड में पहाड़ पूजा की की जाती है।

आषाढ़ महीने के तीसरे शनिवार यानी तीन जुलाई को कान्हाईश्वर पहाड़ पूजा होगी। चाकुलिया प्रखंड मुख्यालय के उत्तर जयनगर गांव के पास स्थित इस पहाड़ की दूरी 15 किलोमीटर है। पहाड़ की चोटी पर एक झरना है, जो कभी नहीं सूखता है। यह पहाड़ झारखंड, पश्चिम बंगाल और उड़ीसा के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। पहाड़ पूजा कमेटी के अध्यक्ष सोमाय मांडी में बताया कि इस साल सादगी से पूजा होगी। यहां 12 मौजा के ग्रामीण पूजा करते हैं। परंतु इस साल इस पुजारी और ग्राम प्रधान ही पूजा करेंगे।

गोटाशिला पहाड़ पूजा

प्रखंड की मटियाबांधी पंचायत में गोटाशिला पहाड़। यहां भी हर साल आषाढ़ माह में पहाड़ पूजा होती है। यह पूजा भी तीन राज्यों की आस्था का केंद्र है। पूजा स्थल पर एक मंदिर है और एक झरना है। इस साल छह जुलाई को यहां पहाड़ पूजा होगी। ग्राम प्रधान मनिंद्र नाथ महतो ने बताया कि इस साल भी सादगी से पूजा होगी मेला आयोजित नहीं होगा। इस पूजा स्थल की दूरी प्रखंड मुख्यालय से पश्चिम उत्तर दिशा में 16 किलोमीटर है।

27 जून से ही शुरू हो जाएगी पहाड़ों की पूजा

हालांकि पहाड़ों की पूजा की शुरुआत 27 जून को जामिरा पहाड़ पूजा होगी और इसके बाद 29 जून को सातनाला पहाड़ पूजा होगी। पूजा का सिलसिला 13 जुलाई तक चलेगा। विभिन्न पहाड़ों की पूजा के दौरान हजारों की भीड़ उमड़ती थी और मेला लगता था, पर कोरोना संक्रमण का इस पर असर पड़ा हे। पिछले साल की तरह इस साल भी सादगी से पूजा होगी। ग्राम प्रधान और पुजारी ही पूजा की रस्म को निभायेंगे।

जामिरा पहाड़

चाकुलिया के बड्डीकानपुर गांव के पास जमीरा पहाड़ है और पूजा की शुरुआत यहीं से 27 जून को होगी। यह पहाड़ प्रखंड मुख्यालय से उत्तर दिशा में लगभग 15 किलोमीटर दूर है। बड्डी कानपुर से लगभग डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर पूजा स्थल तक लोग पहुंचते हैं। पूजा कमेटी के सदस्य अजय कुमार पातर ने बताया कि पूजा सादगी से होगी

सातनाला

प्रखंड की सोनाहातु पंचायत में आमाभुला गांव के पास है सातनाला। यहां साल के जंगल हैं और पहाड़ी है। प्रखंड मुख्यालय से पूजा स्थल की दूरी लगभग सात किलोमीटर है। यहां हर साल 12 मौजा के ग्रामीण पूजा करते हैं। पूजा कमेटी के मनोरंजन महतो का कहना है कि 29 जून को यहां सादगी से पहाड़ पूजा होगी।

खोड़ी पहाड़ी पूजा

गोटाशिला पहाड़ पूजा के बाद प्रखंड क्षेत्र में जुगीतुपा पंचायत में खोड़ी पहाड़ी पूजा होती है। सोनाहारा गांव के पास यह पहाड़ी है. इस साल 10 जुलाई को पूजा होगी। यहां भी पूजा करने के लिए हजारों भक्तों की भीड़ जुटती है। मेला और संस्कृति कार्यक्रम आयोजित होता है। कमेटी के अमर हांसदा ने बताया कि इस साल सादगी से पूजा आयोजित होगी यहां पर 12 मौजा के ग्रामीण पूजा में शामिल होते हैं।

घोटीडूबा पहाड़ पूजा

प्रखंड की सोनाहातु पंचायत में सोनाहातु गांव के घोटीडूबा टोला में है यह पूजा स्थल. यहां 13 जुलाई को पूजा होगी. यहां पूजा होने के बाद इस प्रखंड में पहाड़ पूजा का दौर लगभग थम सा जाता है।

 

कब कहां होगी पूजा

27 जून- जामिरा पहाड़

29 जून- सातनाला पहाड़

3 जुलाई - कान्हाईश्वर पहाड़

6 जुलाई - गोटाशिला पहाड़ पूजा

10 जुलाई - खोड़ी पहाड़ी पूजा होगी

 

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें