चिंताजनक: छह वर्षीय बच्चे में दिखा पोलियो का लक्षण, जांच सैम्पल कोलकाता भेजा गया
पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा प्रखंड में छह वर्षीय बच्चे में पोलियो का एक मामला प्रकाश में आया है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गोइलकेरा प्रखंड...

पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा प्रखंड में छह वर्षीय बच्चे में पोलियो का एक मामला प्रकाश में आया है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोइलकेरा प्रखंड दलकी निवासी शिवनाथ सिंह के छह वर्षीय बच्चे बिशु सिंह पोलियो संदिग्ध पाया गया है। डब्ल्यूएचओ के पदाधिकारियों ने बच्चे का सैंपल लेकर उसके जांच के लिए चाईबासा भेज दिया है। जहां से सैंपल जांच के लिए कोलकाता भेजा जायेगा। वहां से रिपोर्ट आने के बाद स्पस्ट होगा कि बच्चे में पोलियो है या नहीं।
छह वर्षीय बिशु को चलने में कुछ समस्या आ रही थी। 18 अक्टूबर को उसे इलाज के लिए राउरकेला के निजी चिकित्सालय ले जाया गया। अस्पताल ने इसकी जानकारी डब्ल्यूएचओ राउरकेला शाखा दो दी। डब्ल्यूएचओ ने बच्चे को पोलियो संदिग्ध बताते हुए मामले की जानकारी चाईबासा डब्ल्यूएचओ को दी।
ब्लॉक को-ऑडिनेटर ने 31 अक्तूबर को बच्चे का सैंपल जांच के लिए चाईबासा भेजा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सिविल सर्जन ओपी गुप्ता ने बताया कि बच्चे को पोलियो संदिग्ध मानकर जांच करायी जा रही है, कोलकाता से रिपोर्ट आने की प्रतीक्षा है।
