हेमंत सरकार के खिलाफ छात्रों का हल्लाबोल, अभेद्य किला बना सीएम आवास; यहां लगी धारा 144
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास और सचिवालय के 200 मीटर के दायरे में धारा-144 लागू की गई है। रांची जिला प्रशासन ने इस दौरान इन स्थानों के आसपास 5 से ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर पाबंदी लगाई है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास और सचिवालय के 200 मीटर के दायरे में धारा-144 लागू की गई है। रांची जिला प्रशासन ने इस दौरान इन स्थानों के आसपास 5 से ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर पाबंदी लगाई है। गौरतलब है कि हेमंत सोरेन सरकार की नियोजन नीति के खिलाफ छात्र संगठनों ने सीएम आवास घेराव का कार्यक्रम तय किया है। कार्यक्रम के तहत छात्र पहले मोरहाबादी मैदान में इकट्ठा होंगे और इसके बाद रैली की शक्ल में मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करेंगे। हालांकि, जिला प्रशासन ने मोरहाबादी के मुख्य एग्जिट पर बैरिकेडिंग कर दी है।
जेएसएसयू की मुख्य मांगें क्या है
गौरतलब है कि झारखंड स्टेट स्टूडेंट यूनियन ने हेमंत सोरेन सरकार द्वारा हाल ही में लाई गई नियोजन नीति के खिलाफ 3 दिवसीय आंदोलन का ऐलान किया है। पहले दिन यानी आज मुख्यमंत्री आवास के घेराव किया जाना है। 18 अप्रैल की शाम को सभी प्रखंड और जिला मुख्यालयों में मशाल जुलूस का आयोजन होना है। 19 जुलाई को झारखंड बंद का आह्वान किया गया है। छात्रों की मांग है कि सरकार 60:40 वाली नियोजन नीति को वापस लेकर खतियान आधारित नियोजन नीति बनाए। खाली पदों पर अविलंब नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करे। नियोजन नीति में स्थानीय भाषा, संस्कृति और परिवेश की जानकारी अनिवार्य किए जाने की मांग भी की गई है।
बता दें कि झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने 2019 के विधानसभा चुनाव से पहले खतियान आधारित नियोजन नीति बनाने का वादा किया था। फरवरी 2020 में नियोजन नीति बनी जिसमें तृतीय एवं चतुर्थवर्गीय पदों पर नौकरी के लिए झारखंड से ही 10वीं-12वीं की परीक्षा पास करना अनिवार्य किया गया। स्थानीय भाषा, संस्कृति एवं परिवेश की जानकारी होना अनिवार्य किया गया। स्थानीय भाषा की सूची से हिंदी को हटाकर उर्दू को शामिल किया गया। हालांकि, दिसंबर 2022 में हाईकोर्ट ने इसे असंवैधानिक बताते हुए रद्द कर दिया।


