ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंडपश्चिम बंगाल फतह की रणनीति में जुटे आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत

पश्चिम बंगाल फतह की रणनीति में जुटे आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत

एक के बाद एक कई राज्यों में हार का मुंह देखने वाली भाजपा में नये प्राण वायु का संचार के लिए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत जुट गए हैं। संघ बंगाल में होने वाले चुनाव को लेकर गंभीर है।...

पश्चिम बंगाल फतह की रणनीति में जुटे आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत
कार्यालय संवाददाता, देवघरTue, 25 Feb 2020 11:04 AM
ऐप पर पढ़ें

एक के बाद एक कई राज्यों में हार का मुंह देखने वाली भाजपा में नये प्राण वायु का संचार के लिए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत जुट गए हैं। संघ बंगाल में होने वाले चुनाव को लेकर गंभीर है। बंगाल में भगवा लहराने के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए है। इसी कड़ी में झारखण्ड के पांच दिवसीय दौरे के अंति दिन देवघर पहुंचे संघ प्रमुख ने सत्संग आश्रम में घंटों बिताए।

सोमवार सुबह गिरिडीह से सड़क मार्ग से सीधे सत्संग आश्रम पहुंचे संघ प्रमुख गेस्ट हाउस में थोड़ी देर रहे। वहां से आश्रम जाकर सबसे पहले श्रीश्री ठाकुर अनुकूल चन्द्र जी की प्रतिमा के समक्ष शीष झुकाया। वहां से आचार्य देव अशोक चक्रवर्ती का आशीर्वाद लेने के लिए पहुंचे। आचार्य देव से मुलाकात के क्रम में उन्होंने कहा कि सत्संग आश्रम ऊर्जा का केन्द्र है। यहां आने के बाद नई ऊर्जा का संचार हो जाता है। वहीं आचार्य देव अशोक चक्रवर्ती से मिलने के बाद प्रशासक बबायी दा के साथ उन्होंने बंद कमरे में काफी देर तक मंथन किया।

बताया जाता है कि वहां पर पश्चिम बंगाल के विभिन्न जगहों के प्रमुख लोग भी मौजूद थे। जानकारों की मानें तो करीबन दो घंटे तक चली वार्ता का केन्द्र बंगाल में होने वाले चुनाव में सफलता ही था। वैसे वार्ता को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई भी कुछ बोलने को तैयार नहीं हुए। बताते चलें कि सत्संग आश्रम के अनुयायियों में सर्वाधिक बंगाल से ही हैं। बंगाल पर सत्संग आश्रम का विशेष प्रभाव है। हाल के महीने में ही वह पहली बार सत्संग आश्रम पहुंचे थे। यह उनकी दूसरी यात्रा थी। संघ प्रमुख ने सत्संग आश्रम में ही अल्पाहार भी किया। आश्रम में उन्होंने पनीर, हरी सब्जी, रोटी खाई। संघ प्रमुख के सत्संग आश्रम पहुंचने को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजामात कराए गए थे।

बाबा वैद्यनाथ का आशीर्वाद लिया
अपने एक दिवसीय देवघर दौरे पर पहुंचे राष्ट्रीय स्वयं सेवक प्रमुख डॉ. मोहन भागवत सत्संग आश्रम के बाद द्वादश ज्योतिर्लिंगों में एक कामनालिंग बाबा वैद्यनाथ के दरबार भी पहुंचे। बाबा वैद्यनाथ गर्भगृह में संकल्प कराने के बाद वैदिक व पुरोहित से पूजा करायी। उन्होंने बाबा वैद्यनाथ से सबों के कल्याण की कामना की। मौके पर बाबा मंदिर प्रशासनिक भवन में पण्डा धर्मरिक्षणी सभा की ओर से संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत का स्वागत व अभिनंदन किया गया। चादर, रुद्राक्ष की माला व बाबा वैद्यनाथ का प्रतीकात्मक शिवलिंग उन्हें सभा के अध्यक्ष प्रो. डॉ. सुरेश भारद्वाज, महामंत्री कार्तिक नाथ ठाकुर, वरीय उपाध्यक्ष संजय मिश्रा व उपाध्यक्ष मनोज मिश्रा ने संयुक्त रूप से दिया। संघ प्रमुख के बाबा दरबार पहुंचने को लेकर पूरे रूट लाइनिंग व परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजामात कराए गए थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें