ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंडरांची में इसी माह से तीन और खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनेगा, यहां तैयार होंगे एक्सीलेंट खिलाड़ी 

रांची में इसी माह से तीन और खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनेगा, यहां तैयार होंगे एक्सीलेंट खिलाड़ी 

झारखंड के खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। तीरंदाजी के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के बाद रांची में इसी माह से तीन और खेलों के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस शुरू होने जा रहे हैं। इनमें हॉकी, फुटबॉल और एथलेटिक्स के सेंटर...

रांची में इसी माह से तीन और खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनेगा, यहां तैयार होंगे एक्सीलेंट खिलाड़ी 
रांची, प्रवीण मिश्रSat, 13 Jul 2019 08:54 PM
ऐप पर पढ़ें

झारखंड के खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। तीरंदाजी के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के बाद रांची में इसी माह से तीन और खेलों के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस शुरू होने जा रहे हैं। इनमें हॉकी, फुटबॉल और एथलेटिक्स के सेंटर शामिल हैं। फुटबॉल और एथलेटिक्स के सेंटर मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में वहीं हॉकी का सेंटर जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में चलेगा। यह पहली बार है जब सीनियर खिलाड़ियों के लिए रांची में अभ्यास की व्यवस्था होने जा रही है। सेंटर में खिलाड़ियों के रहने-खाने के साथ एडवांस प्रशिक्षण की व्यवस्था होगी। 
मेडिकल की तैयारी : खेल विभाग ने सेंटर शुरू करने की सारी तैयारी पूरी कर ली है। खिलाड़ियों का चयन ट्रायल 27 व 28 जून को कर लिया गया है। चयनित खिलाड़ियों का मेडिकल टेस्ट होगा। इसके लिए विभाग ने सिविल सर्जन को पत्र लिखा है। इसी सप्ताह मेडिकल शुरू हो जाएगा। प्रशिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया भी चल रही है।
 
64-64 खिलाड़ी होंगे सेंटर में 
हॉकी और फुटबॉल में 32-32 बालक-बालिका खिलाड़ियों को रखा जाएगा। कुल मिलाकर एक खेल में 64 खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। वहीं एथलेटिक्स में कुल 50 खिलाड़ियों को रखा जाएगा। इसमें 16 से 22 साल तक के खिलाड़ी शामिल होंगे। साथ ही खिलाड़ी जब तक परफॉर्म करते रहेंगे, तब तक सेंटर में रह सकेंगे। 

15 को दुमका में तीरंदाजी का सेंटर खुलेगा
रांची के अलावा दुमका में भी तीरंदाजी का एक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस खुलेगा। 15 जुलाई को इसका उद्घाटन होगा। गुरुवार को राज्य के खेल सचिव राहुल शर्मा ने यहां सेंटर की तैयारियों का जायजा लिया। 
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस प्रदेश के सीनियर खिलाड़ियों के लिए वरदान साबित हो सकता है। अभी तक राज्य में सीनियर स्तर पर प्रशिक्षण की कोई व्यवस्था नहीं थी। पूर्व में सीनियर हॉस्टल बनाने की योजना बनीं थी, लेकिन इसमें आगे की कार्रवाई नहीं हो सकी। 

रांची में रेलवे भी खोलेगा हॉकी का एक्सीलेंस सेंटर
दक्षिण पूर्व रेलवे के हटिया स्थित हॉकी स्टेडियम में एक्सीलेंस सेंटर खोलने की कवायद शुरू हो चुकी है। रेलवे बोर्ड ने सेरसा को इसकी मंजूरी दे दी है। यहां आधुनिक सुविधायुक्त हॉस्टल और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण की व्यवस्था होगी। इसमें भारतीय रेलवे टीम का कैंप भी लगाया जाएगा। 

क्या कहते हैं अधिकारी
हमलोग इसी माह से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस शुरू करने जा रहे हैं। प्रशिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया आखिरी चरण में है। जैसे ही यह पूरी होगी, हम सेंटर शुरू कर देंगे। दुमका में 15 जुलाई से तीरंदाजी का एक सेंटर शुरू कर रहे हैं।
-वेद रत्न मोहन, उपनिदेशक, झारखंड खेल प्राधिकरण
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें