ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंडराफेल विमान डील मे आ रही है घोटाले की बूः शकील अहमद

राफेल विमान डील मे आ रही है घोटाले की बूः शकील अहमद

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता शकील अहमद ने राफेल विमान समझौता में प्रधानमंत्री पर कई आरोप लगाए। इसी मुद्दे पर शनिवार को पार्टी का पक्ष मीडिया में रखने दिल्ली से धनबाद पहुंचे शकील अहमद ने कहा कि यह...

राफेल विमान डील मे आ रही है घोटाले की बूः शकील अहमद
मुख्य संवाददाता,धनबादSun, 26 Aug 2018 09:18 AM
ऐप पर पढ़ें

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता शकील अहमद ने राफेल विमान समझौता में प्रधानमंत्री पर कई आरोप लगाए। इसी मुद्दे पर शनिवार को पार्टी का पक्ष मीडिया में रखने दिल्ली से धनबाद पहुंचे शकील अहमद ने कहा कि यह महज भ्रष्टाचार का मामला ही नहीं बल्कि देश की सुरक्षा से खिलवाड़ भी है। धनबाद सर्किट हाउस में प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा कि इस मामले में संसद में भी गलत बयानी की जा रही है। इसमें घोटाले की बू आ रही है। 

अहमद ने कहा कि राफेल डील में कुछ नहीं जानकारी देने की शर्तों की भाजपा गलत व्याख्या कर रही है। शर्त में राफेल की तकनीक तथा गुणवत्ता की जानकारी सार्वजनिक नहीं करने की बात है, कीमतों तथा अन्य बातों को गुप्त रखने की नहीं। प्रधानमंत्री ने बगैर देश व संसद को विश्वास में लिए फ्रांस की कंपनी डसॉल्ट एविएशन के साथ डील कर ली। इसकी जानकरी देश की रक्षामंत्री को भी बाद में दी गई। 

अहमद ने कहा कि राफेल खरीद के लिए यूपीए सरकार के समय में ही फ्रांस सरकार से बात शुरू हुई थी। वायुसेना की जरूरतों के आधार पर फ्रांस से 126 विमान का सौदा हुआ था। इसकी कीमत प्रति विमान 526 करोड़ 10 लाख तय की गई थी। एनडीए की सरकार बनते ही पुराने समझौते को दरकिनार कर नई डील की गई। इसमें 126 विमान की जगह महज 36 विमान की ही जरूरत बताई गई। 36 विमानों की खरीद का समझौता कर लिया गया। विमान की कीमत 526 करोड़ 10 लाख से बढ़ा कर 1670 करोड़ 70 लाख हो गई। जितनी रकम खर्च कर देश को 126 विमान मिल जाता, उतनी में 36 विमान का सौदा पीएम ने कर लिया। आरोप लगाया कि विमान बनाने के क्षेत्र में विशेषज्ञता वाली सरकारी कंपनी हिन्दुस्तान एरोनॉटिक्स की जगह पीएम ने 12 दिन पहले बनी रिलायंस ग्रुप की एक कंपनी को विमान बनाने का करार दे दिया। 55 वर्षों में विमान बनाने का काम करनेवाली हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स की जगह निजी कंपनी को काम देना पूरे मामले की सच्चाई बयां कर देती है। 

प्रेस कांफ्रेंस में पार्टी जिलाध्यक्ष ब्रजेन्द्र प्रसाद सिंह, प्रदेश प्रवक्ता राजेश ठाकुर ओपी लाल, मन्नान मल्लिक जोनल को-ऑर्डिनेटर सुल्तान अहमद, अशोक चौधरी, रवींद्र वर्मा, शंकर प्रजापति, विजय सिंह, मदन महतो,संतोष सिंह, अनवर शमीम, योगेंद्र सिंह योगी भी थे।

राहुल गांधी ने कुछ गलत नहीं किया
राहुल गांधी के जर्मनी तथा ब्रिटेन में दिए गए भाषणों पर भाजपा की आपत्तियों के सवाल पर अहमद ने कहा कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है। देश की स्थिति की जानकारी विदेशों में रहनेवाले भारतीयों को देना को गलत बात नहीं है। संघ की तुलना मुस्लिम ब्रदरहुड से करने के सवाल पर कहा कि इसकी गलत व्याख्या की जा रही है। 


 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें