ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंडराष्ट्रपति चुनाव: तीन घंटे की बैठक में फैसला नहीं ले पाई JMM, अब सोनिया और शाह से मिलेंगे हेमंत सोरेन; मुर्मू और सिन्हा ने मांगा साथ

राष्ट्रपति चुनाव: तीन घंटे की बैठक में फैसला नहीं ले पाई JMM, अब सोनिया और शाह से मिलेंगे हेमंत सोरेन; मुर्मू और सिन्हा ने मांगा साथ

झारखंड मुक्ति मोर्चा तीन घंटे की बैठक में राष्ट्रपति चुनाव में किसे समर्थन देना है इसपर फैसला नहीं ले सकी है। अब 27 जून को मुख्यमंत्री इस मुद्दे पर अमित शाह से मुलाकात करेंगे।

राष्ट्रपति चुनाव: तीन घंटे की बैठक में फैसला नहीं ले पाई JMM, अब सोनिया और शाह से मिलेंगे हेमंत सोरेन; मुर्मू और सिन्हा ने मांगा साथ
Sneha Baluniविशेष संवाददाता,रांचीSun, 26 Jun 2022 05:21 AM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवारों के समर्थन पर झामुमो में अनिर्णय की स्थिति है। पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन की अध्यक्षता में शनिवार को तीन घंटे हुई बैठक में भी निर्णय नहीं हो सका। अब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस मुद्दे पर 27 जून को दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मिलेंगे। सीएम का कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी मिलने का कार्यक्रम है। इन मुलाकातों के निष्कर्ष से गुरुजी को अवगत कराया जाएगा। जरूरत पड़ी तो पार्टी की बैठक होगी। इसके बाद समर्थन का ऐलान होगा। अंतिम निर्णय के लिए झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन को अधिकृत किया गया है।

जानकारी के अनुसार शनिवार को हुई बैठक में पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक मौजूद रहे। पार्टी नेता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि अभी राष्ट्रपति चुनाव में वक्त है। महाराष्ट्र सहित देश के सियासी हालात के बीच राष्ट्रपति चुनाव हो रहा है। इस पर गंभीरता से विचार के बाद फैसला होगा। उन्होंने कहा कि द्रौपदी मुर्मू आदिवासी हैं। आजादी के 75 वर्ष बाद आदिवासी राष्ट्रपति पद की उम्मीवार बनी हैं। गुरुजी भी आदिवासी समाज के सर्वमान्य नेता हैं। झामुमो धैर्यपूर्वक निर्णय लेगा।

व्यक्तिगत रूप से समर्थन दे रहे कई विधायक

झामुमो के कई विधायक राष्ट्रपति चुनाव एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू का व्यक्तिगत तौर पर समर्थन कर रहे हैं। हालांकि इनका कहना है कि वह पार्टी के निर्णय के साथ रहेंगे।

द्रौपदी और यशवंत ने मांगा शिबू सोरेन, हेमंत से समर्थन

एनडीए के ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बात की और उनसे समर्थन की अपील की। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी हेमंत सोरेन से बात कर यशवंत सिन्हा को समर्थन देने की अपील की है। खुद यशवंत सिन्हा ने दोनों नेताओं से व्यक्तिगत रूप से बात की और चुनाव में समर्थन देने का आग्रह किया। झामुमो के केंद्रीय समिति के सदस्य सुप्रियो भट्टाचार्य ने इसकी पुष्टि की है। बता दें कि द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को काग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार और तृणमूल अध्यक्ष व बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से भी संपर्क किया था।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें