ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंडडायन बिसाही के आरोप में महिलाओं को नग्न कर पीटा, पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार

डायन बिसाही के आरोप में महिलाओं को नग्न कर पीटा, पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार

झारखंड के गढ़वा जिले में सदर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में डायन बिसाही के आरोप में दो महिला सहित तीन लोगों को नग्न कर पीटने का मामला प्रकाश में आया है। घटना  गुरुवार देर रात की है।...

डायन बिसाही के आरोप में महिलाओं को नग्न कर पीटा, पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार
हिन्दुस्तान,गढ़वाFri, 09 Oct 2020 02:51 PM
ऐप पर पढ़ें

झारखंड के गढ़वा जिले में सदर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में डायन बिसाही के आरोप में दो महिला सहित तीन लोगों को नग्न कर पीटने का मामला प्रकाश में आया है। घटना  गुरुवार देर रात की है। घटना की सूचना पर तत्काल पहुंची पुलिस ने पीड़ितों को कपड़ा पहनाकर थाना लाई। उधर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जिला मुख्यालय से छह किलोमीटर दूर नारायणपुर गांव के सिमरिया टोला में गुरुवार की रात मानवता को शर्मसार करने वाली घटना घटी। महिलाओं को नग्न कर पीटा जा रहा था और ग्रामीण तमाशबीन बने थे। घटना के संबंध में बताया जाता है कि डायन बिसाही के आरोप में गांव के बली रजवार अपने 40 सहयोगियों के साथ मिलकर गांव की सड़क पर लीलावती देवी, शारदा कुंवर और छोटू कुमार को नग्न कर मारपीट कर रहा था। उस दौरान गांव के अन्य लोग भी काफी संख्या में थे पर बीच बचाव के लिए कोई आगे नहीं आया। उसी बीच किसी ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पर पुलिस तत्काल हरकत में आई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने उक्त लोगों की जान बचाई। निर्वस्त्र किए गए सभी लोगों को कपड़ा पहनाकर पुलिस सुरक्षा के साथ सभी को थाना ले आई। उधर घटना स्थल पर  पुलिस के पहुंचते ही सभी आरोपी वहां से फरार हो गए।

डायन और ओझा का आरोप लगा की मारपीट

मारपीट में घायल छोटू ने बताया कि उसकी मां और उसके परिवार के लोगों को डायन भूत और ओझा कहते हुए आरोपी बलि ने अन्य सहयोगियों के साथ सरेराह मारपीट की। उसने बताया कि 10 दिन पहले डायन भूत के आरोप में उन लोगों से झगड़ा हुआ था। झगड़ा होने के बाद मामला शांत था। गुरुवार की रात बलि रजवार अपने परिवार और अपने सहयोगियों के साथ उसके घर पहुंच कर उसे ओझा और उसकी मां और उसके परिवार के लोगों को डायन कहते हुए घर से बाहर खींच कर निकाला। उन्हें निर्वस्त्र कर बीच सड़क में मारपीट की गई। छोटू ने गांव के 22 लोगों के खिलाफ नामजद और 35 अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज कराया है।

दोषी को नहीं छोड़ा जाएगा

सदर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि नारायणपुर में हुई घटना निंदनीय है। घटना में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जो भी लोग दोषी होंगे उन्हें किसी भी हाल में नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस  त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस की टीम जिस समय घटनास्थल पर पहुंची थी उस समय वहां पर 50 से 60 की संख्या में लोग मौजूद थे। पुलिस को देखते ही अंधेरा का लाभ उठाते सभी लोग वहां से भाग गए। पुलिस ने सभी पीड़ितों को अपने संरक्षण में लेकर अस्पताल में इलाज कराया। उन्होंने बताया कि छोटू के आवेदन पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने डायन बिसाही के आरोप में मारपीट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं बाकी लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलायी जा रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें