ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड नरेश भोक्ता हत्याकांड में NIA का छापा, मुखबिरी का आरोप लगा माओवादियों ने मारा था

नरेश भोक्ता हत्याकांड में NIA का छापा, मुखबिरी का आरोप लगा माओवादियों ने मारा था

नरेश भोक्ता हत्याकांड मामले में आज एनआईए ने झारखंड के पलामू और बिहार के औरंगाबाद में छापा मारा। 2 नवंबर 2018 को भाकपा माओवादी ने मुखबिरी का आरोप लगाकर नरेश भोक्ता की हत्या कर दी थी।

 नरेश भोक्ता हत्याकांड में NIA का छापा, मुखबिरी का आरोप लगा माओवादियों ने मारा था
Suraj Thakurलाइव हिन्दुस्तान,रांचीThu, 08 Jun 2023 01:22 PM
ऐप पर पढ़ें

नरेश भोक्ता हत्याकांड मामले में आज एनआईए ने झारखंड के पलामू और बिहार के औरंगाबाद में छापा मारा। अधिकारियों की टीम ने पलामू और औरंगाबाद में नरेश भोक्ता हत्याकांड के आरोपियों और संदिग्धों के आवास की तलाशी ली। बताया जाता है कि अधिकारियों ने छापेमारी में मोबाइल फोन, सिमकार्ड सहित कई आपत्तिनजक दस्तावेज जब्त किए हैं। एनआईए ने भाकपा माओवादी के 2 संदिग्धों सहित पांच गिरफ्तार कमांडरों के ठिकानों पर दबिश दी थी। इसी मामले में 7 मार्च को भी एनआईए ने झारखंड और बिहार के कई ठिकानों पर छापा मारा था। 

2 नवंबर 2018 को हुआ था जघन्य हत्याकांड
गौरतलब है कि 2 नवंबर 2018 को प्रतिबंधित संगठन भाकपा माओवादी के शीर्ष नेताओं और नक्सली कमांडरों ने मुखबिरी का आरोप लगाकर नरेश भोक्ता का अपहरण किया और कथित जनअदालत में मौत की सजा सुनाते हुए उसकी हत्या कर दी। नरेश का शव बिहार के औरंगाबाद जिला स्थित मदनपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत बिगहा गांव के पास बरामद किया गया था। एनआईए लंबे समय से नरेश भोक्ता हत्याकांड की जांच में जुटी है। दरअसल, जून 2022 में एनआईए ने इस केस को बिहार पुलिस से अपने पास ट्रांसफर किया था। इस केस में फरवरी 2023 में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद खुलासा हुआ कि इसमें भाकपा माओवादियों की संलिप्तता थी। 

बुधवार को भी एनआईए ने मारा था छापा
गौरतलब है कि बुधवार को एनआईए के अधिकारियों ने पलामू में भाकपा माओवादी स्टेट कमिटी सदस्य अभिजीत यादव और सब जोनल कमांडर रामप्रसाद यादव के आवास पर छापा मारा था। दोनों माओवादियों के घर पर कई दस्तावेज खंगाले गए। गौरतलब है कि झारखंड सरकार ने टॉप माओवादी कमांडर अभिजीत यादव पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। गौरतलब है कि झारखंड में टेरर फंडिंग केस में एनआईए की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। कई गिरफ्तारियां भी हुई है। हाल ही में एनआईए ने नक्सली दिनेश गोप को भी गिरफ्तार किया है। दिनेश गोप फिलहाल न्यायिक हिरासत में रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में बंद है। आने वाले समय में और भी गिरफ्तारियां हो सकती है। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें