ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंडझारखंड के लातेहार और लोहरदगा में एनआईए ने की छापेमारी

झारखंड के लातेहार और लोहरदगा में एनआईए ने की छापेमारी

लातेहार के चंदवा निवासी एक ठेकेदार की ओर से नक्सलियों को लाखों की लेवी दिए जाने की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम ने शनिवार को लातेहार और लोहरदगा में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान...

झारखंड के लातेहार और लोहरदगा में एनआईए ने की छापेमारी
हिन्दुस्तान,रांचीSat, 30 Jan 2021 10:44 PM
ऐप पर पढ़ें

लातेहार के चंदवा निवासी एक ठेकेदार की ओर से नक्सलियों को लाखों की लेवी दिए जाने की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम ने शनिवार को लातेहार और लोहरदगा में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान एनआईए टीम ने चंदवा के हरैया चौक स्थित संतोष सिंह के घर और लोहरदगा में विपिन शाहदेव के घर पर छानबीन की।

एनआईए के अधिकारी संतोष सिंह के बेटे मृत्युंजय उर्फ सोनू सिंह के खिलाफ लगे आरोपों की जांच कर रहे हैं। बता दें कि पिछले वर्ष पुलिस ने नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया था। इस दौरान पकड़े गए नक्सलियों ने पांच लाख की लेवी सोनू सिंह से लेने की बात स्वीकार की थी। बाद में पूरे मामले को एनआईए ने अपने हाथ में लेकर जांच शुरू की। इसी क्रम में 10 अक्तूबर, 2020 को भी संतोष सिंह के घर पर लगातार 17 घंटे तक छापेमारी हुई। इस छापेमारी में घर से भारी मात्रा में नकद बरामद हुआ था। सूत्रों के अनुसार संतोष सिंह के घर एनआईए की टीम छापेमारी के लिए शुक्रवार की रात ही पहुंच गई थी। छापेमारी दल शनिवार की दोपहर तक वहां जांच-पड़ताल में जुटा रहा।

उधर, लोहरदगा शहर के उपनगरीय क्षेत्र शांति नगर किस्को मोड़ में एनआईए की टीम ने इसी मामले में विपिन शाहदेव के घर पर छापेमारी की। सूत्रों के अनुसार जांच में विपिन शाहदेव का नाम आया। इसके बाद वह एनआईए की रडार पर आ गए। एनआईए की टीम विपिन शाहदेव के घर करीब सुबह 10 बजे पहुंची और करीब एक घंटे छानबीन के बाद रांची रवाना हो गई।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें