कलयुगी मां ने पांच साल के इकलौते बेटे की गला घोंटकर की हत्या, दो दिन तक घर में छिपाए रही शव
झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में एक कलयुगी मां की दिल दहला देने वाली हरकत सामने आई है। इस मां ने पांच साल के अपने इकलौते बेटे की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसके शव को दो...
झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में एक कलयुगी मां की दिल दहला देने वाली हरकत सामने आई है। इस मां ने पांच साल के अपने इकलौते बेटे की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसके शव को दो दिन तक घर में ही छिपाए रही। पड़ोसियों ने बच्चे को नहीं देखा तो उन्हें शक हुआ। घर जाकर देखा तो बच्चा जमीन पर मृत पड़ा था। पड़ोसियों की सूचना पर गांव में पहुंची पुलिस ने कलयुगी मां को गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पिता अस्पताल में हैं भर्ती
मृत बच्चे के पिता इन दिनों जमशेदपुर के एक अस्पताल में भर्ती हैं। उनका इलाज चल रहा है। उनकी देखरेख के लिए बच्चे के दादा भी अस्पताल में ही थे। घटना के वक्त घर पर सिर्फ मां और उसका पांच साल का बेटा ही था। बताया जा रहा है बुधवार को किसी बात को लेकर बेटे पर नाराज हुई मां ने नारियल की रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। बेटे को मार डालने के बाद भी महिला अपने घर में ही रही। वह घर के सारे काम करती रही।
दूसरे दिन तक बच्चा नहीं दिखा तो पड़ोसियों ने घर के अंदर जाकर देखा। इसके बाद उन्होंने पुलिस के साथ-साथ बच्चे के दादा को घटना की जानकारी दी। सूचना पर आई राजनगर थाना पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से इस महिला की मानसिक स्थिति कुछ ठीक नहीं थी।