ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंडझारखंड: चिलखारी नरंसहार में शामिल नक्सली धराया, बाबूलाल मरांडी के बेटे सहित 20 लोगों की हुई थी हत्या

झारखंड: चिलखारी नरंसहार में शामिल नक्सली धराया, बाबूलाल मरांडी के बेटे सहित 20 लोगों की हुई थी हत्या

झारखंड के चर्चित चिलखारी नरसंहार में संलिप्त नक्सली कोल्हा यादव को उसके गांव बिशनपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। बिहार और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को उसे गिरफ्तार किया।

झारखंड: चिलखारी नरंसहार में शामिल नक्सली धराया, बाबूलाल मरांडी के बेटे सहित 20 लोगों की हुई थी हत्या
Suraj Thakurलाइव हिन्दुस्तान,गिरिडीहFri, 03 Feb 2023 09:14 AM
ऐप पर पढ़ें

झारखंड के चर्चित चिलखारी नरसंहार में संलिप्त नक्सली कोल्हा यादव को उसके गांव बिशनपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। बिहार और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को उसे गिरफ्तार किया। एसएसबी कैंप चरकापाथर, चरकापाथर थाना व गिरिडीह के भेलवाघाटी थाना की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना पर यह कार्रवाई की थी।

कोल्हा यादव को उसके घर से किया गिरफ्तार
16वीं वाहिनी एसएसबी चरकापाथर के सहायक कमांडेंट आशीष बैष्णव, चरकापाथर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार एवं भेलवाघाटी थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने कोल्हा यादव के घर पर छापेमारी कर उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे चरकापाथर से भेलवाघाटी थाना ले गई। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। गिरिडीह डीएसपी संजय राणा ने गुरुवार को यह जानकारी दी। 

26 अक्टूबर 2007 को हुआ था चिलखारी नरसंहार
बता दें कि 26 अक्टूबर 2007 की रात भाकपा माओवादियों ने गिरिडीह के चिलखारी फुटबॉल मैदान में 20 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इनमें झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के बेटे अनूप मरांडी भी शामिल थे। चिलखारी में फुटबॉल टूर्नामेंट के समापन पर आदिवासी यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बाबूलाल मरांडी के भाई नुनूलाल मरांडी थे। 

नक्सलियों ने बरसाई थी अंधाधुंध गोलियां
यात्रा कार्यक्रम के दौरान सोरेन ऑपेरा के कलाकारों का कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान भाकपा माओवादियों का दस्ता कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा और मंच को अपने कब्जे में ले लिया। कोई कुछ समझ पाता उससे पहले ही अंधाधुंध फायरिंग कर दी। फायरिंग में अगली पंक्ति में बैठे अनूप मरांडी, सुरेश हांसदा, अजय सिन्हा, आयोजक मनोज किस्कू, मुन्ना हेंब्रम, चर्कू हेंब्रम, केदार मरांडी, अनिल अब्राहम मरांडी, उस्मान अंसारी और सुशील मरांडी सहित 20 लोगों की मौत हो गई थी। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें