कल्पना सोरेन ने झारखंड को बताया केंद्र सरकार का सौतेला बेटा, खुद को क्यों कहा भाग्यशाली
कल्पना ने यह भी कहा कि हेमंत बाबू बाबा शिबू सोरेन के प्रतिबिंब हैं। मैं बहुत भाग्यशाली हूं, जो शिबू सोरेन की पुत्रवधू हूं। गांडेय सीट झामुमो का ताज है और गिरिडीह शिबू सोरेन की कर्मभूमि रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी और गांडेय उपचुनाव में इंडिया गठबंधन की प्रत्याशी कल्पना सोरेन ने केंद्र की भाजपा सरकार पर हमला बोला है। कल्पना ने कहा- हेमंत ने हक मांगा तो केंद्र सरकार ने जेल भेज दिया। हक मांगने पर यहां केस होता है, लाठियां चलाई जाती हैं। कल्पना सोमवार को पपरवाटांड़ फुटबॉल मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रही थीं।
सिर्फ शरीर जेल में बंद...
कल्पना सोरेन ने कहा कि हेमंत सोरेन का सिर्फ शरीर रांची के होटवार जेल में बंद है। उनकी सोच जेल में बंद नहीं की जा सकती। झारखंड केंद्र सरकार के लिए सौतेला बेटा है। हेमंत सरकार ने झारखंड के लोगों के लिए सर्वपेंशन, अबुआ आवास, सावित्री बाई फुले आदि योजनाएं लागू कीं, लेकिन केंद्र सरकार हमारी योजनाओं को ही अपना बता रही है। आज इस सार्वजनिक मंच से मैं आपको बता रही हूं कि यह हेमंत सरकार की योजनाएं हैं।
खुद को क्यों कहा भाग्यशाली
कल्पना ने यह भी कहा कि हेमंत बाबू बाबा शिबू सोरेन के प्रतिबिंब हैं। मैं बहुत भाग्यशाली हूं, जो शिबू सोरेन की पुत्रवधू हूं। गांडेय सीट झामुमो का ताज है और गिरिडीह शिबू सोरेन की कर्मभूमि रही है। गांडेय की जनता खासकर महिलाओं को आश्वस्त करती हूं कि गांडेय में पानी की व्यवस्था की जाएगी। महिलाओं के लिए एक डिग्री कॉलेज खोला जाएगा। इस मौके पर शिबू सोरेन ने अपने सभी प्रत्याशियों को आशीर्वाद देने की अपील की।
आपलोग सभी प्रत्याशियों को आशीर्वाद दें: शिबू
जनसभा में मंच पर उपस्थित झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन ने कहा कि मैं बार-बार एक ही बात दोहराना नहीं चाहता। आपलोग सभी प्रत्याशियों को आशीर्वाद दें। राज्य सरकार अच्छा काम कर रही है और आगे भी करती रहेगी।
केंद्र ने झारखंड को हमेशा धोखा दिया : चंपाई सोरेन
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि केंद्र सरकार ने झारखंड को हमेशा धोखा दिया है। सरना धर्म कोड, ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण, 1932 खतियान संबंधी बिल को राजभवन में ही रोक दिया है। मुट्ठी भर पूंजीपतियों के लिए भाजपा काम कर रही है। झारखंड की खनिज संपदा पर सबकी नजर है। सावधान रहिए।