जेपी नड्डा ने कहा- झारखंड में कानून विहीनता की स्थिति, नक्सलवाद, हत्या, लूट, बलात्कार बढ़े

जेपी नड्डा ने कहा- झारखंड में कानून विहीनता की स्थिति, नक्सलवाद, हत्या, लूट, बलात्कार बढ़े

संक्षेप:

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा है कि झारखंड में आज कानून विहीनता की स्थिति है। नक्सलवाद बढ़ गया है। हत्या, लूट, बलात्कार, अपहरण आदि घटनाएं बढ़ी हैं। यह सब तब होता है जब शासक कमजोर और...

Jul 28, 2020 11:35 pm ISTrupesh रांची। हिन्दुतान ब्यूरो,
share

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा है कि झारखंड में आज कानून विहीनता की स्थिति है। नक्सलवाद बढ़ गया है। हत्या, लूट, बलात्कार, अपहरण आदि घटनाएं बढ़ी हैं। यह सब तब होता है जब शासक कमजोर और बेपरवाह होता है। शासक को जनता की समस्याओं की चिंता नहीं होती है। उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार का धंधा खुलेआम चल रहा और ट्रांसफर-पोस्टिंग उद्योग बन गया है। नड्डा मंगलवार को झारखंड के आठ जिलों में बने पार्टी के नवनिर्मित भवनों के ऑनलाइन उद्घाटन करने के मौके पर बोल रहे थे। 

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

नड्डा ने कहा कि झारखंड सरकार स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में विफल साबित हो रही है। कुशल प्रबंधन का अभाव है। राज्य सरकार केंद्र द्वारा आवंटित मुफ्त चावल, गेहूं दाल और चना का वितरण भी गरीबों तक सही तरीके से नहीं करा पा रही है। लॉकडाउन में भाजपा अकेली पार्टी है, जिसने संक्रमण में भी सेवा कार्य किया। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा कोरोना संकट के समय किए गए उपाय और आत्मनिर्भर भारत व अर्थव्यवस्था को लेकर उठाए गए कदम की चर्चा की। नड्डा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच इन उपलब्धियों को लेकर जाएं।
 
400 जिलों में बन चुका है कार्यालय : राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की हर जिले में पार्टी कार्यालय निर्माण की योजना है। इसी क्रम में लोहरदगा, सिमडेगा, चाईबासा, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, पलामू, गिरिडीह और धनबाद के नवनिर्मित कार्यालय बन कर तैयार हुए। सुव्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से लैस कार्यालय प्रधानमंत्री की सोच का परिणाम है। इसे पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के मार्गदर्शन में धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने बताया कि आज देश के 400 जिलों में भाजपा का अपना कार्यालय बन चुका है। भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री व झारखंड प्रभारी अरुण सिंह ने कहा कि यह कार्यालय नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं के लिए मंदिर है। आज लेह लद्दाख की चोटियों में भी भाजपा का अपना व्यवस्थित कार्यालय है। मौके पर भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जिलों से संबंधित हर तरह की जानकारी भाजपा कार्यालय में उपलब्ध होगी। उन्होंने राज्य सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरने का आह्वान किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि संगठन के लिए कार्यकर्ता, कार्यक्रम, कोष और कार्यालय ये चार 'क' महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। 

कार्यक्रम में ये हुए शामिल : नई दिल्ली में जेपी नड्डा के साथ अरुण सिंह और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के अलावा राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह भी मौजूद रहे। प्रदेश में अलग-अलग जगहों से दीपक प्रकाश और बाबूलाल मरांडी के अलावा धर्मपाल सिंह, प्रदीप वर्मा, सिमडेगा में मुनेश्वर साहू, लोहरदगा में समीर उरांव, सरायकेला में गंगोत्री कुजूर, चाईबासा में नीलकंठ सिंह मुंडा, पलामू में मनोज सिंह, विवेक भवानी सिंह, गिरिडीह में राज पलिवार, धनबाद में बिरंची नारायण उद्घाटन समारोह में शामिल हुए। 
 

rupesh

लेखक के बारे में

rupesh

रूपेश तिवारी 'लाइव हिन्दुस्तान' में सीनियर कंटेंट क्रिएटर हैं। पिछले 10 साल से प्रिंट और वेब मीडिया से जुड़े हैं।

और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।