ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंडवर्ल्ड ट्रेड सेंटर से दुनिया को अपने उत्पाद बेचेगा झारखंड, एक छत के नीचे होंगी कई बहुराष्ट्रीय कंपनियां

वर्ल्ड ट्रेड सेंटर से दुनिया को अपने उत्पाद बेचेगा झारखंड, एक छत के नीचे होंगी कई बहुराष्ट्रीय कंपनियां

रांची में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर स्थापित होगा। झारखंड सरकार ने इसका प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा है।  सरकार ने एचईसी के स्मार्ट सिटी परिसर में इसके लिए स्थान का सुझाव दिया है। वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के...

वर्ल्ड ट्रेड सेंटर से दुनिया को अपने उत्पाद बेचेगा झारखंड, एक छत के नीचे होंगी कई बहुराष्ट्रीय कंपनियां
मुकेश बालयोगी,रांची Mon, 03 Dec 2018 01:48 AM
ऐप पर पढ़ें

रांची में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर स्थापित होगा। झारखंड सरकार ने इसका प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा है।  सरकार ने एचईसी के स्मार्ट सिटी परिसर में इसके लिए स्थान का सुझाव दिया है। वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के एक ही परिसर में अंतर्राष्ट्रीय कारोबार से जुड़ी सारी सुविधाएं मिलेंगी। यहां विदेश व्यापार महानिदेशालय और भारतीय निर्यात परिसंघ से जुड़े कार्यालय भी होंगे। झारखंड के उत्पादों की विश्व बाजार में मांग को देखते हुए राज्य सरकार ने यह पहल की है।
वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में बहुराष्ट्रीय कंपनियों और निर्यात से जुड़ी कंपनियों को कारोबार संचालन के लिए भी स्थान मुहैया कराया जाएगा। वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में अंतरराष्ट्रीय कारोबार करने वाली कंपनियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और उसके प्रचार-प्रसार के लिए भी स्थान होगा। यहां निर्यात से जुड़े सारे कार्यालयों के ऑफिस होंगे। एक ही छत के नीचे अंतरराष्ट्रीय कारोबार से जुड़े आवेदनों की प्रक्रिया संपन्न हो सकेगी। निर्यातकों को विश्व बाजार की मांग, नेटवर्किंग, गुणवत्ता के मानक की जानकारी देने के लिए  सूचना केंद्र होगा। 
वैश्विक निवेशक सम्मेलन से दिखी निर्यात विकास की संभावना: वैश्विक निवेशक सम्मेलन में झारखंड से अंतरराष्ट्रीय कारोबार के विकास की संभावना की जानकारी के बाद राज्य सरकार ने यह पहल की। इसके लिए राज्य के निर्यातकों को तमाम जानकारी और नेटवर्किंग की सुविधा देने का फैसला लिया। दो दिन पहले संपन्न हुए ग्लोबल एग्रीकल्चर समिट में भी चीन ने भिंडी और फिलीपींस ने झारखंड से कटहल खरीदने का प्रस्ताव दिया था।
झारखंड से क्या-क्या होता है निर्यात

  • ऑटो पाट्र्स, बांस शिल्प, इमली, चिरौंदी, दूसरे कृषि और वनोत्पाद

आगे क्या है संभावना 

  •  काजू, पत्थर शिल्प, तसर के कपड़े, लाह निर्मित वस्तुएं, सॉफ्टवेयर, भिंडी, कटहल

निर्यात के लिए और क्या-क्या

  •  रांची एयरपोर्ट पर एयर कार्गो बनाने की तैयारी चल रही है।
  •  जमशेदपुर में कंटेनर डिपो के विकास का काम चल रहा है।
  •  साहिबगंज में मल्टीमोडल हब का निर्माण हो रहा है।
  •   पारादीप तक कनेक्टिविटी विकसित करने की योजना है 
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें