ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंडझारखंड के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी का कोरोना से निधन, मेदांता में चल रहा था इलाज

झारखंड के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी का कोरोना से निधन, मेदांता में चल रहा था इलाज

झारखंड के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी का निधन हो गया है। वे कोरोना से संक्रमित थे और राजधानी रांची के ओरमांझी स्थित मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। हाजी हुसैन सत्ताधारी...

झारखंड के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी का कोरोना से निधन, मेदांता में चल रहा था इलाज
हिन्दुस्तान,रांचीSat, 03 Oct 2020 05:03 PM
ऐप पर पढ़ें

झारखंड के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी का निधन हो गया है। वे कोरोना से संक्रमित थे और राजधानी रांची के ओरमांझी स्थित मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। हाजी हुसैन सत्ताधारी दल झारखंड मुक्ति मोर्चा के बड़े नेता थे। उन्हें जेएमएम सुप्रीमो शिबू सोरेन का करीबी माना जाता था। हाजी हुसैन अंसारी के निधन पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया है। सीएम सोरेन ने कहा कि वह सरल भाव और दृढ़ विश्वास वाले जन नेता थे।

23 सितंबर को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद हाजी हुसैन को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि वे इलाज के बाद पूरी तरह ठीक हो चुके थे। कुछ ही दिनों में डॉक्टर उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज करने वाले थे। हालांकि शनिवार को 3.30 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और उनका निधन हो गया।

हाजी हुसैन मधुपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे। वे यहां से कई बार चुनाव जीत चुके हैं। हाजी हुसैन ने कांग्रेस पार्टी के साथ अपनी राजनीति की शुरुआत की थी। बाद में वे शिबू सोरेन के करीब आने आने के बाद जेएमएम में शामिल हो गए। हाजी हुसैन झारखंड सरकार में चार बार मंत्री भी रहे।

हाजी हुसैन के निधन पर कई मंत्रियों ने शोक व्यक्त किया है। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी का निधन झारखंड और मेरे लिए एक अपूरणीय क्षति है। इस दुखद घटना ने दिल को झकझोर कर रख दिया है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। परिजनों और शुभचिंतकों को दुख सहने का साहस दें।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर हाजी हुसैन अंसारी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा, 'सरकार में मेरे साथी मंत्री आदरणीय हाजी हुसैन अंसारी साहब जी के निधन से अत्यंत आहत हूं। हाजी साहब ने झारखण्ड आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाई थी। वह सरल भाव और दृढ़ विश्वास वाले जन नेता थे। परमात्मा हाजी साहब की आत्मा को शांति प्रदान कर परिवार को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दें।'

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें