झारखंड में 30 और 31 मार्च को बारिश होने के बाद भी गर्मी बढ़ने का पूर्वानुमान जारी किया गया है। लेकिन, राजधानी के लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। क्योंकि, तीन-चार दिनों में अधिकतम पारा 37 डिग्री पहुंच जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार, चार अप्रैल तक राज्य के कुछ जिलों का अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री तक पहुंच सकता है।
राज्य में शनिवार और रविवार को बादल छाने के बाद हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। लेकिन, एक अप्रैल से बादल पूरी तरह छंट जाएंगे और मौसम शुष्क व साफ रहेगा। इससे तीखी धूप की गर्मी तापमान को बढ़ाएगी। राजधानी समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों के तापमान में वृद्धि हुई है। राजधानी में अगले तीन-चार दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है।
अधिकतम मेदिनीनगर में व न्यूनतम जमशेदपुर में अधिक
राज्य में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक चल रहा है। मेदिनीनगर का तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। जमशेदपुर का तापमान भी 38.3 तक पहुंच चुका है। यहां का न्यूनतम तापमान सबसे अधिक 22.6 डिग्री दर्ज किया गया। अन्य जिलों में भी गर्मी बढ़ रही है। आनेवाले समय में तापमान और बढ़ने के आसार हैं।
रांची मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा, 'शनिवार और रविवार को राज्य के कुछ हिस्सों में गरज और तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इसके बावजूद राजधानी और राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्मी बढ़ेगी।'
रांची का तापमान 34 डिग्री के करीब पहुंच चुका
रांची का अधिकतम तापमान 34 डिग्री के करीब पहुंच चुका है। बुधवार को यहां का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले तीन-चार दिनों में यह 37 डिग्री तक पहुंच सकता है। जबकि, रांची का न्यूनतम तापमान गुरुवार को 18.9 डिग्री रहा। रांची में सुबह 10 बजे से ही कड़ी धूप निकली रही है। हालांकि, शाम में थोड़ी राहत है। मौसम विभाग के अनुसार, रांची के न्यूनतम तापमान में भी एक डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है। मौसम विभाग रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बारिश के बाद पारा 37 पहुंचेगा। इसके दो सप्ताह बाद अधिकतम पारा 42 डिग्री तक जा सकता है।
जिलों का तापमान
जिले अधिकतम न्यूनतम
रांची 33.9 18.9
जमशेदपुर 38.3 22.6
मेदिनीनगर 38.5 19.9
बोकारो 36.3 21.2
देवघर 33.3 20.8
चतरा 35.3 20.6
गढ़वा 38.2 18.9
गोड्डा 35.2 19.7