भीषण गर्मी के बाद बिजली ने किया बुरा हाल, रोज जल रहे दस ट्रांसफॉर्मर; लोग परेशान
भीषण गर्मी के बीच राज्य में बिजली के ट्रांसफॉर्मर हांफने लगे हैं। वे अब धू-धूकर जलने लगे हैं। आम दिनों के मुकाबले इस गर्मी में चार गुना अधिक ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं।

भीषण गर्मी के बीच राज्य में बिजली के ट्रांसफॉर्मर हांफने लगे हैं। वे अब धू-धूकर जलने लगे हैं। आम दिनों के मुकाबले इस गर्मी में चार गुना अधिक ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं। झारखंड बिजली वितरण निगम की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक एक महीने में पूरे राज्य में 300 से अधिक ट्रांसफार्मर जल गए हैं। यानी हर रोज करीब दस ट्रांसफॉर्मर जल रहे हैं। इसके चलते फुल लोड बिजली के बावजूद लोग इस गर्मी में बिजली की किल्लत झेल रहे हैं। हाल यह है कि ग्रामीण इलाकों में लगभग सात और शहर में पांच से छह घंटे बिजली कट रही है।
रिपोर्ट के अनुसार आम दिनों में महीने में 50 से 60 ट्रांसफार्मर जलते हैं लेकिन इस गर्मी में इसकी रफ्तार बढ़ गई है। जेबीवीएनएल के निदेशक (वितरण एवं योजना) केके वर्मा ने सर्किल महाप्रबंधकों को ट्रांसफार्मरों के जलने या अन्य ब्रेकडाउन को तत्काल अटेंड कर कम से कम समय में बिजली आपूर्ति का निर्देश दिया है। इस बीच, राज्य में बिजली की मांग 2900 मेगावाट पहुंच गई है। राज्य में 150 मेगावाट उत्पादन हो पा रहा है। शेष बिजली खरीदी जा रही है। इसके अतिरिक्त 400 से 500 मेगावाट बिजली इंडियन एनर्जी एक्सचेंज से ससमय खरीद कर मांग के बराबर बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।
लाए जाएंगे नए ट्रांसफॉर्मर
जेबीवीएनएल जीएम (एसटीएंडडीएन) सुनील कुमार के मुताबिक ट्रांसफार्मरों पर ओवर लोडिंग खत्म करने के लिए आरडीएसएस के तहत पूरे राज्य में नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे।
मिल रही फुल लोड बिजली
जेबीवीएनएल के निदेशक केके वर्मा के अनुसार पिछले तीन दिनों से राज्य में बिजली की मांग 2800 से 2900 मेगावाट के बराबर बिजली उपलब्ध है। नेटवर्क में कहीं-कहीं मरम्मत की जरूरत पड़ती है। इसे तत्काल ठीक कर आपूर्ति सुचारू कराया जा रहा है।
प्रतिदिन आठ घंटे से अधिक काटी जा रही बिजली
धनबाद जिले में बिजली संकट गहरा गया है। शहर से लेकर गांव तक बिजली संकट से त्राहिमाम की स्थिति है। हर दिन लोगों को आठ घंटे से अधिक बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। जिले में 16 घंटे से अधिक बिजली लोगों को नहीं मिल रही है। सुबह से लेकर देर रात तक बिजली कटौती जारी है। हर दो घंटे पर एक घंटा बिजली काटी जा रही है। इसके अलावा पावर कट की समस्या भी लोगों को झेलनी पड़ रही है। बिजली आ रही और फिर 10-15 मिनट में कट जा रही है। यह सिलसिला सुबह से लेकर देर रात तक जारी है। इससे लोगों को विभिन्न प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी जिस तरह से बढ़ती जा रही है, बिजली कटौती भी उसी अनुरूप हो रही है। घर के बाहर कड़ी धूप और घर के अंदर बिजली गुल, इससे लोग पसीना-पसीना हो रहे हैं। बिजली के कारण पानी संकट का भी सामना करना पड़ रहा है।
लू के थपेड़ों ने झारखंड को झुलसाया, रांची वासी बेचैन
झारखंड में शुक्रवार को लू चलने से लोगों की बेचैनी बढ़ गयी है। रांची समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्म हवाओं के साथ सूर्य की तपिश झुलसा रही है। शुक्रवार को संताल इलाके में हालात ज्यादा खराब रहे। गोड्डा सबसे गर्म शहर रहा। यहां का अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री रहा। जबकि रांची का अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री दर्ज किया गया। जमशेदपुर व मेदिनीनगर का तापमान 43.4 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार 12 जून तक राज्य के कई इलाकों में लू चलने के आसार हैं। गोड्डा में न्यूनतम तापमान भी 30.0 डिग्री को पार कर गया है।
