ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंडJharkhand Weather: झारखंड में प्रचंड गर्मी ने दिखाए तेवर, 45 डिग्री तक जा सकता है तापमान; IMD अलर्ट

Jharkhand Weather: झारखंड में प्रचंड गर्मी ने दिखाए तेवर, 45 डिग्री तक जा सकता है तापमान; IMD अलर्ट

पिछले 24 घंटों के दौरान भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में गर्मी ने सताया। राजधानी समेत अन्य स्थानों पर आंशिक बादल छाए रहे। इससे तापमान में कुछ कमी आई, लेकिन उमस बढ़ गई।

Jharkhand Weather: झारखंड में प्रचंड गर्मी ने दिखाए तेवर, 45 डिग्री तक जा सकता है तापमान; IMD अलर्ट
Swati Kumariवरीय संवाददाता,रांचीFri, 12 May 2023 09:40 PM
ऐप पर पढ़ें

रांची समेत पूरे झारखंड में गर्मी प्रचंड रूप लेती जारी है। आनेवाले समय में राज्य का अधिकतम तापमान 45.0 डिग्री को भी पार कर सकता है। इस दौरान राजधानी का अधिकतम भी 42.0 डिग्री तक पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई है। गर्मी का सबसे ज्यादा असर राज्य के पलामू प्रमंडल और आसपास के क्षेत्रों पर पड़ेगा। इस दौरान यहां के जनजीवन को लगातार गर्म लहर का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना मोचा तूफान अगले 48 घंटों के दौरान म्यांमार और बांगलादेश के तट से टकराएगा। झारखंड में इसका प्रभाव नहीं पड़ेगा। इस दौरान आंशिक बादल छा सकते हैं। बावजूद मौसम शुष्क और गर्म रहेगा।

16 से 18 मार्च के बीच हल्के बादल और कहीं-कहीं छिटपुट या हल्की बारिश होने की भी संभावना व्यक्त की गई है। लेकिन इससे गर्मी से राहत नहीं मिलेगी और उमस की गर्मी सताएगी। इसके अगले सप्ताह भी मौसम बदलाव की संभावना कम है। 
विभाग के अनुसार 25 मार्च तक मौसम में बदलाव की संभावना कम है। इस दौरान अधिकतम तापमान के 45 तक रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि हो सकती है। राज्य के कुछ हिस्सों में यह 30.0 डिग्री तक जा सकता है। अगले दो सप्ताह के दौरान न्यूनतम तापमान 21 से 30 डिग्री तक रहने की संभावना जतायी गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में गर्मी ने सताया। राजधानी समेत अन्य स्थानों पर आंशिक बादल छाए रहे। इससे तापमान में कुछ कमी आई, लेकिन उमस बढ़ गई। राजधानी का अधिकतम 37.5 और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सबसे ज्यादा रहा। संताल और उत्तर के कई इलाकों में आंशिक बादल छाए रहने से इन इलाकों के तापमान में भी कमी आयी। सबसे ज्यादा तापमान वाला गोड्डा का अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री रहा। वहीं, देवघर का 40.2 और जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री में)
शहर        अधिकतम    न्यूनतम
रांची        37.5        22.4
जमशेदपुर    40.0        25.3
मेदिनीनगर    40.7        22.9
बोकारो    38.7        25.4
दे‌वघर    40.2        22.3
गढ़वा    39.8        20.9
गोड़्डा    38.6        26.4
पाकुर    34.6        28.1

मौसम विभाग वैज्ञानिक ने कहा कि राजधानी समेत राज्य में गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। अगले तीन चार दिनों के दौरान आंशिक बादल छा सकते हैं, लेकिन इससे राहत नहीं मिलेगी। उमस और गर्म लहर का प्रकोप बढ़ सकता है। राजधानी में अगले पांच दिनों के दौरान पारा 42 डिग्री तक जा सकता है। वहीं, झारखंड के उत्तरी हिस्सों का अधिकतम तापमान 45 डिग्री को भी पार करने का पूर्वानुमान है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें