झारखंड में राज्यकर्मियों और पेंशनधारियों को हेल्थ बीमा का लाभ जल्द, सरकार ने की घोषणा
प्रभारी सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि राज्यकर्मियों व सेवानिवृत्त कर्मियों को अब तक 1000 रुपये मेडिकल भत्ता के रूप में दिया जाता था। इसके अलावा इलाज का खर्च सरकार वहन करती थी। अब इसमें कटौती होगी।

झारखंड के राज्य कर्मियों और सेवानिवृत्त कर्मियों को स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिलेगा। कैबिनेट की बैठक में इस पर मुहर लगाई गई। कैबिनेट की बैठक के बाद प्रभारी सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि राज्यकर्मियों व सेवानिवृत्त कर्मियों को अब तक 1000 रुपये मेडिकल भत्ता के रूप में दिया जाता था। इसके अलावा इलाज का खर्च सरकार वहन करती थी। अब मेडिकल भत्ता के रूप में 500 रुपये ही प्रति माह मिलेंगे।सलाना कटौती की गई 6000 रुपये की राशि बीमा कंपनियों को दिया जाएगा। इससे संबंधित कर्मचारी का पारिवारिक बीमा होगा। इसमें पांच लाख रुपये तक का इलाज हो सकेगा। इससे अधिक की राशि इलाज में खर्च होने पर कॉरपस फंड से इसका भुगतान होगा।
किन लोगों को मिलेगा बीमा योजना का लाभ
प्रभारी सचिव ने कहा कि इससे पूर्व विधायक, अखिल भारतीय सेवाओं के इच्छुक सेवारत व सेवानिवृत्त व राज्य की अन्य सेवाओं के सेवानिवृत्त पदाधिकारी-कर्मचारी, राज्य सरकार के विभिन्न बोर्ड, निगम, संस्थान, संस्था के कार्यरत-सेवानिवृत्त नियमित कर्मी, राज्य के विश्वविद्यालयों व उनके अंतर्गत आने वाले अंगीभूत महाविद्यालयों में कार्यरत व सेवानिवृत्त शिक्षक व शिक्षकेतर कर्मी लाभांवित हो सकेंगे। इलाज के लिए राज्य से बाहर जाने पर यात्रा पर जाने वाले पदाधिकारी-कर्मचारी के अलावा एक अटेंडेंट का अनुमान्य यात्रा भत्ता देय होगा।
गंभीर बीमारियों का इलाज कराएगी राज्य सरकार
मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के लाभुकों को झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी के माध्यम से चिकित्सा सहायता अनुदान प्रदान करने की स्वीकृति दे दी गई। पहले 10 लाख रुपये तक की मंजूरी स्वास्थ्य विभाग कर देता था। इससे अधिक की राशि मंजूरी के लिए कैबिनेट आती थी, लेकिन अब झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी के माध्यम से चिकित्सा सहायता अनुदान प्रदान किया जाएगा। कैबिनेट ने संविदाकर्मी को मातृत्व अवकाश की सुविधा देने पर भी अपनी सहमति जतायी। इसमें 180 दिन का मातृत्व अवकाश मिलेगा। इसका लाभ पिछले 12 महीने में कम से कम 80 दिन तक संविदा पर कार्यरत महिला कर्मी को मिल सकेगा।
झारखंड में हेल्थ साइंस यूनिवर्सिटी का गठन
राज्य में झारखंड मेडिकल साइंस विश्वविद्यालय का गठन होगा। इसके अंतर्गत ही राज्य के सभी मेडिकल कॉलेज काम करेंगे। अब तक राज्य के विश्वविद्यालय के ही अंतर्गत मेडिकल कॉलेज संचालित होते थे, लेकिन अब मेडिकल साइंस विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित होंगे। इससे पहले राज्य में तकनीकी विश्वविद्यालय की भी गठन हो चुका है, जिससे तकनीकी संस्थानें संचालित होती हैं।
स्कूलों लाइब्रेरी में रहेगी शिबू सोरेन की जीवनी
राज्य के सरकारी स्कूलों की लाइब्रेरी में दिशोम गुरू शिबू सोरेन की जीवनी और उनके संघर्ष की गाथा संबंधि किताबें रहेगी। इसके लिए कैबिनेट ने तीन किताबों को मंजूरी दी है। ज्ञानोदय योजना के तहत ये किताबें रखी जाएगी। इसमें पहली से आठवीं के लिए सुनो बच्चों आदिवासी संघर्ष के नायक शिबू सोरेन की गाथा किताब रहेगी। चित्र के माध्यम से इसमें उनकी गाथा को दर्शाया गया है। वहीं, दूसरी किताब दिशोम गुरू शिबू सोरेन हाई और प्लस टू स्कूल के बच्चों के लिए रहेगी। इसके अलावा तीसरी पुस्तक ट्राइबल हीरो शिबू सोरेन अंग्रेजी माध्यम से उपलब्ध रहेगी। इन किताबों की खरीदारी व वितरण की मंजूरी दी गई।
पेपर लीक करने पर 10 साल की सजा का प्रावधान
राज्य सरकार ने झारखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों के रोकथाम व निवारण के उपाए) अधिनियम 2023 को मंजूरी दे दी है। इसमें किसी परीक्षा में प्रश्न लीक करने, प्रश्न आउट करवाने, कदाचार करवाते हुए पकड़े जाने पर कड़ी सजा व आर्थिक दंड का प्रावधान किया है। इन आरोपों के आधार पर 10 साल की सजा और एक करोड़ रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।


