ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंडझारखंड विधानसभा चुनाव : भाजपा ने 10 विधायकों का टिकट काटा

झारखंड विधानसभा चुनाव : भाजपा ने 10 विधायकों का टिकट काटा

Jharkhand Assembly Elections 2019 : झारखंड विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा ने रविवार को अपने 52 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी। इनमें मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत 30 वर्तमान विधायक शामिल हैं। 10...

झारखंड विधानसभा चुनाव : भाजपा ने 10 विधायकों का टिकट काटा
हिन्दुस्तान टीम, रांची नई दिल्ली। Mon, 11 Nov 2019 05:35 AM
ऐप पर पढ़ें

Jharkhand Assembly Elections 2019 : झारखंड विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा ने रविवार को अपने 52 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी। इनमें मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत 30 वर्तमान विधायक शामिल हैं। 10 मौजूदा विधायकों का टिकट काट दिया गया है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की अध्यक्षता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में शनिवार को हुई पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इन नामों पर मुहर लगी थी।

नई दिल्ली में रविवार को भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रेस कांफ्रेस कर नामों की घोषणा की। मुख्यमंत्री रघुवर दास जमशेदपुर (पू) और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा चक्रधरपुर से प्रत्याशी होंगे। रघुवर दास सरकार के नौ मंत्रियों में छह को टिकट मिला है। तीन मंत्री सरयू राय, नीलकंठ सिंह मुंडा और अमर बाउरी की सीटों पर अभी घोषणा नहीं हुई है।  दूसरे दल से आए विधायकों में एक को छोड़ कर सभी को टिकट मिल गया है। उधर, आजसू के साथ गठबंधन के लिए बातचीत का दौर जारी है।  इसे देखते हुए चंदनक्यारी, लोहरदगा समेत कुछ अऩ्य सीटों पर अभी घोषणा नहीं की गई है।

पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि झारखंड सरकार ने पिछले पांच वर्षों में सभी वर्गों के लिए काम किया है और हमें पूरी उम्मीद है कि एक बार फिर भाजपा को लोगों का समर्थन मिलेगा और हम सरकार बनाएंगे। नड्डा ने कहा कि आज जिन 52 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं उनमें पांच महिला, पांच अनुसूचित जाति, 17 अनुसूचित जनजाति के और 21 अन्य पिछड़ा वर्ग के हैं।

आजसू से गठबंधन दो दिन में
नड्डा ने आजसू के साथ गठबंधन पर कोई जवाब नहीं दिया। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक आजसू से बातचीत अंतिम चरण में है। एक-दो दिन में इका ऐलान कर दिया जाएगा। भाजपा ने जिन 29 सीटों पर उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं, उनप ही गठबंधन को समायोजित किया जाएगा।

10 नए चेहरे दिखेंगे
भाजपा के 52 सीटों में दस वर्तमान विधायकों की जगह इस बार नए प्रत्याशी दिखेंगे। बोरियो से ताला मरांडी, सिमरिया से गणेश गंझू, चतरा से जय प्रकाश सिंह भोक्ता, सिंदरी से फूलचंद मंडल, झरिया से संजीव सिंह, घाटशिला से रामदास सोरेन, गुमला से शिवशंकर उरांव, सिमडेगा से विमला प्रधान, मनिका से हरिकृष्ण सिंह और छतरपुर से राधाकृष्ण किशोर का टिकट कट गया है। उधर, मंत्री सीपी सिंह, लुइस मरांडी, रामचंद्र चंद्रवंशी, राज पलिवार, नीरा यादव और रणधीर सिंह को दोबारा टिकट मिला है।

दूसरे दल आए कुछ विधायक पास, कुछ अटके
2014 चुनाव के बाद झाविमो से छह विधायक नवीन जयवाल, जानकी यादव, आलोक चौरसिया, रणधीर सिंह, अमर बाउरी व गणेश गंझू भाजपा में शामिल हुए थे। कुछ दिनों पहले कांग्रेस सुखदेव भगत व मनोज यादव, झामुमो से कुणाल षाडंगी व जेपी पटेल, झाविमो से प्रकाश राम और नौजवान संघर्ष पार्टी से भानू प्रताप शाही भाजपा में शामिल हुए थे। इनमें से आठ को टिकट मिल गया है। दो होल्ड में हैं।  गणेश गंझू का टिकट कट गया है तो अमर बाउरी व जानकी यादव का मामला होल्ड में है।

पांच महिलाओं को मिला टिकट 
भाजपा ने पहले चरण में पांच महिलाओं को टिकट दिया है। इनमें तीन वर्तमान में विधायक लुइस मरांडी, नीरा यादव व मेनका सरदार हैं, जबकि दो नया चेहरा रागिनी सिंह व पुष्पा देवी को उतारा है। रागिनी सिंह वर्तमान विधायक संजीव सिंह की पत्नी हैं।

किसको कहां से मिला टिकट
राजमहल- अनंत ओझा, बोरियो- सूर्या हांसदा, बरहेट- सिमोन मालतो, लिट्टीपाड़ा- दानियल किस्कू, महेशपुर- मिस्त्री सोरेन, शिकारीपाड़ा- पारितोष सोरेन, नाला- सत्यानंद झा बाटुल, जामताड़ा- वीरेंद्र मंडल, दुमका- लुइस मरांडी, जामा- सुरेश मुर्मू, जरमुंडी- देवेंद्र कुंवर, मधुपुर- राज पलिवार, सारठ- रणधीर सिंह, देवघर- नारायण दास, गोड्डा- अमित मंडल, महगामा- अशोक कुमार भगत, कोडरमा- नीरा यादव, बरही- मनोज यादव, मांडू- जेपी पटेल, हजारीबाग- मनीष जयसवाल, सिमरिया- किशुन कुमार दास, चतरा- जनार्दन पासवान, बगोदर- डॉ. नागेंद्र महतो, जमुआ- केदार हाजरा, गिरिडीह- निर्भय शाहाबादी, बेरमो- योगेंद्र महतो बाटुल, सिंदरी- इंद्रजीत महतो, धनबाद- राज सिन्हा, झरिया- रागिनी सिंह, बाघमारा- ढुल्लू महतो, बहरागोड़ा- कुणाल षाड़ंगी, घाटशिला- लाखन मार्डी, पोटका- मेनका सरदार, जमशेदपुर ईस्ट- रघुवर दास, ईचागढ़- साधु चरण महतो, मनोहरपुर- गुरुचरण नायक, चक्रधरपुर- लक्ष्मण गिलुवा, तोरपा- कोचे मुंडा, खिजरी- रामकुमार पाहन, रांची- सीपी सिंह, हटिया- नवीन जयसवाल, गुमला- मिसिर कुजूर, बिशुनपुर- डॉ अशोक उरांव, सिमडेगा- सदानंद बेसरा, मनिका- रघुपाल सिंह, लातेहार- प्रकाश राम, पांकी- शशिभूषण मेहता, डाल्टनगंज- आलोक चौरसिया, बिश्रामपुर- रामचंद्र चंद्रवंशी, छतरपुर- पुष्पा देवी, गढ़वा- सत्येंद्र तिवारी और भवनाथपुर- भानु प्रताप शाही। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें