ईशा आलिया मर्डर केस का खुलेगा राज, पुलिस ने हथियार सप्लायर को दबोचा
नागपुरी एक्ट्रेस ईशा आलिया मर्डर केस में पुलिस ने हथियार सप्लाई करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। गोंदा थाना क्षेत्र के श्यामनगर के मोहित को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया है।

इस खबर को सुनें
नागपुरी फिल्म अभिनेत्री ईशा आलिया हत्याकांड में बंगाल पुलिस ने गोंदा थाना क्षेत्र के श्याम नगर से मोहित कुमार नामक शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि मोहित ने ही हत्या के लिए हथियार उपलब्ध कराए थे। मोहित को ईशा के पति प्रकाश के साथ फेसबुक चैट और मोबाइल कॉल डिटेल्स के आधार पर पकड़ा गया है।
ईशा आलिया के पति प्रकाश ने आलिया की हत्या से एक सप्ताह पहले तक मोहित से बातें की थी। दोनों ने मिलकर मर्डर की पूरी प्लानिंग की। पश्चिम बंगाल पुलिस मोहित को शुक्रवार को अपने साथ ट्रांजिट रिमांड पर ले गई है। कॉल डिटेल्स और प्रकाश से कनेक्शन के चलते आरोपी मोहित की गिरफ्तारी से ईशा आलिया के हत्याकांड का पर्दाफाश हो सकता है और जल्द ही कई अन्य आरोपियों पर पुलिस शिकंजा कस सकती है।
बता दें, एक्ट्रेस ईशा की पश्चिम बंगाल के बगनान थाना क्षेत्र में 28 दिसंबर को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या की प्लानिंग लूट के तर्ज पर की गयी थी। पुलिस जांच में आलिया के पति प्रकाश को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और उसके कनेक्शन के आधार पर पुलिस छानबीन कर रही है।