रफ्तार का कहर: अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने 5 किशोरों को रौंदा, मौके पर ही 4 की मौत
झारखंड के पलामू में तेज रफ्तार स्कॉर्पियों ने 5 किशोरों को रौंद दिया। सड़क दुर्घटना में मौके पर ही 4 किशोरों की मौत हो गई। वहीं चालक और एक अन्य लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया।

इस खबर को सुनें
झारखंड के पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र स्थित बिहार के सीमावर्ती गांव विशनपुर में गुरुवार शाम तेज रफ्तार अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे बैठे पांच किशोरों को रौंद दिया। इनमें से चार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य किशोर व वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे में मृतक किशोरों की पहचान विवेक, नीतीश, फिरोज अंसारी और आशीष के रूप में हुई है। वहीं घायल किशोर का नाम गौरव है। चालक सलीम खान डुमारिया का है। घायलों को पलामू मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। प्रारंभिक इलाज के बाद परिजन इन्हें दूसरे अस्पताल ले गए हैं। दोनों घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि घटना नशे में गाड़ी चलाने और तेज रफ्तार के चलते हुई है। लोगों ने गाड़ी को जब्त कर आग लगा दी। मौके पर हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ। घटना के विरोध में परिजनों ने चार घंटे तक सड़क जाम कर दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। परिजन मुआवजे को लेकर भी मांग कर रहे हैं।