Hindi Newsझारखंड न्यूज़hemant soren govt big decision farmers loan upto 2 lakh will be waived know condition

हेमंत सोरेन सरकार का बड़ा फैसला, अब किसानों का 2 लाख तक का कर्जा होगा माफ; क्या है शर्त

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कैबिनेट बैठक में किसानों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अन्नदाता को राहत देते हुए सरकार अब उनका दो लाख रुपए तक का कर्जा माफ करेगी। इसे लेकर एक शर्त भी लगाई है।

Sneha Baluni लाइव हिन्दुस्तान, रांचीThu, 8 Aug 2024 06:03 AM
share Share
Follow Us on
हेमंत सोरेन सरकार का बड़ा फैसला, अब किसानों का 2 लाख तक का कर्जा होगा माफ; क्या है शर्त

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट की बैठक में किसानों को बड़ी राहत दी गई है। अब सरकार किसानों के 50 हजार से दो लाख रुपये तक का कर्ज माफ करेगा। इसके अलावा कैबिनेट ने 38 प्रस्तावों पर अपनी मुहर लगाई है। कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने बताया कि बैठक में झारखंड कृषि ऋण माफी योजना में संशोधन के प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी।

किसानों का दो लाख तक कर्ज माफ

झारखंड के किसानों का अब दो लाख रुपये तक का ऋण माफ होगा। कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने बताया कि 31 मार्च 2020 के पूर्व के दो लाख रुपये तक के कर्ज माफ किए जाएंगे। सरकार ने शुरू में 50 हजार रुपये तक की ऋण माफी की थी। इसमें 4,73,567 किसानों की ऋण माफी की गई। अब राज्य के करीब 4.75 लाख किसानों की दो लाख तक के ऋण माफ किए जाएंगे। इस योजना में एक ही परिवार के एक ही सदस्य को लाभ मिलेगा। इसका सत्यापन किसी भी प्रकार के राशन कार्ड से किया जा सकेगा। आवेदन के लिए आवेदक से एक रुपया सेवा शुल्क के रूप में लिया जाएगा। इसमें राज्य सरकार को 750 करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना है।

अबतक 4.73 लाख किसानों को मिला फायदा

झारखंड कृषि ऋण माफी योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2020-21 से 2023-24 तक 4.73 लाख किसानों का 1,900.35 करोड़ रुपये का ऋण माफ किया गया। इससे पहले सरकार ने 2 लाख रुपये तक के कृषि ऋण माफ करने की घोषणा की थी। इस संबंध में 14 जून को राज्य स्तरीय समिति की बैठक हुई थी। इस बैठक में लिए गए फैसले के आधार पर कैबिनेट ने ऋण माफी योजना में संशोधन किया है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में 2 लाख रुपये तक के कर्ज माफ किए जाएंगे। इसकी कट ऑफ डेट 31 मार्च 2020 रखी गई है। इस पर करीब 750 करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना है।

अगला लेखऐप पर पढ़ें