हेमंत सोरेन सरकार फ्लोर टेस्ट में पास, कैबिनेट का भी विस्तार, चंपाई सोरेन बने मंत्री

Jul 08, 2024 09:07 pm ISTDevesh Mishra हिन्दुस्तान, रांची
share Share
Follow Us on

Hemant Soren Floor Test: झारखंड में सोमवार को हेमंत सोरेन सरकार का विधानसभा में फ्लोर टेस्ट होगा। विश्वासमत के बाद दोपहर में कैबिनेट विस्तार होगा। कुछ नए चेहरों को भी मौका मिल सकता है।

हेमंत सोरेन सरकार फ्लोर टेस्ट में पास, कैबिनेट का भी विस्तार, चंपाई सोरेन बने मंत्री

Hemant Soren Floor Test: हेमंत सोरेन सरकार फ्लोर टेस्ट में पास हो गई है। विधानसभा में विश्वास मत प्रस्ताव पर करीब एक घंटे तक चर्चा चली। चर्चा के बाद प्रस्ताव के पक्ष और विपक्ष में मत विभाजन हुआ। फ्लोर टेस्ट में सोरेन सरकार को 45 विधायकों का समर्थन मिला है। वहीं प्रस्ताव के विपक्ष में 0 वोट मिले। दरअसल, विपक्ष ने मत विभाजन के दौरान वॉकआउट कर दिया। विश्वास मत प्रस्ताव के पास होने के बाद अब सभी की निगाहें कैबिनेट विस्तार पर हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि कुछ नए चेहरों को भी सोरेन कैबिनेट में जगह मिल सकती है। 'लाइव हिन्दुस्तान' यहां आपको फ्लोर टेस्ट और कैबिनेट विस्तार से जुड़े सभी अपडेट सबसे पहले देगा...

हेमंत सोरेन मंत्रिमंडल
झामुमो-06

चंपाई सोरेन
मिथिलेश
हफीजुल
बेबी देवी
दीपक बिरुवा
बैजनाथ राम 

कांग्रेस-04
डॉ रामेश्वर उरांव
बन्ना गुप्ता
डॉ इरफान अंसारी
दीपिका पांडे सिंह

राजद-01
सत्यानंद भोक्ता

इन नेताओं ने ली मंत्री पद की शपथ
हेमंत सोरेन सरकार की नई कैबिनेट में दीपक बिरुआ, बैजनाथ राम, सत्यानंद भोक्ता, रामेश्वर उरांव, दीपिका पांडेय सिंह, बेबी देवी, हफीजुल हसन, मिथिलेश ठाकुर, इरफान अंसारी, बन्ना गुप्ता ने मंत्री पद की शपथ ली है।

चंपाई सोरेन बने मंत्री
झारखंड के पूर्व सीएम चंपाई सोरेन ने हेमंत सोरेन सरकार में मंत्री पद की शपथ ली।

झारखंड सरकार के नए मंत्री लेने जा रहे शपथ
झामुमो कोटे से चंपई सोरेन, मिथिलेश ठाकुर, हफीजुल हसन, बेबी देवी, दीपक बिरुवा और बैजनाथ राम लेंगे शपथ। वहीं बसंत सोरेन का पत्ता कट रहा है। दूसरी ओर कांग्रेस कोटे से डॉ. रामेश्वर उरांव, बन्ना गुप्ता, डॉ. इरफान अंसारी और दीपिका पांडे सिंह शपथ लेंगे। बादल का पत्ता कटा। राजद कोटे से सत्यानंद भोक्ता शपथ ग्रहण करेंगे। 

• मत विभाजन के दौरान विपक्ष ने किया वॉक आउट
विश्वास मत प्रस्ताव के पक्ष में 45 मत पड़े। मत विभाजन के दौरान विपक्ष ने वॉकआउट किया। प्रस्ताव के विपक्ष में 0 वोट पड़े। सदन में दोनों तरफ से हंगामा देखने को मिला।

• फ्लोर टेस्ट में हेमंत सोरेन सरकार पास हो गई है। सरकार को 45 विधायकों का समर्थन मिला है। लोबिन हेम्ब्रम और चमरा लिंडा ने भी सोरेन सरकार को समर्थन दिया। हालांकि सरयू राय न्यूट्रल रहे। वह पक्ष या विपक्ष दोनों में नहीं खड़े हुए।

• झारखंड विधानसभा में हेमंत सोरेन सरकार का विश्वास मत प्रस्ताव पारित हो गया है। पक्ष में 45 सदस्यों ने वोट डाला। वहीं विपक्ष में 0 वोट पड़े।

सदन में सीएम हेमंत सोरेन का वक्तव्य
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, 'मुझे पुनः यहां देख कर इन्हें (विपक्ष) कैसा महसूस हो रहा होगा, इनके आचरण में दिख रहा हैं। ये अपने आचरण में लौट आए हैं। इनके पास ना कोई सोच ना एजेंडा है। ये संवैधानिक संस्थाओं के जरिए अपनी राजनीति बचा रहे हैं। इन्हें जवाब देने के लिए आज पूरा वक्त हैं। इनमें से आधे भी जीत कर नहीं आ पाएंगे। पूरे देश ने इनको इनका चेहरा दिखा दिया है। इनके षडयंत्र का जवाब दिया जाएगा। चंपई सोरेन का आभार कि उन्होंने पांच महीने निर्भीक होकर सरकार चलाया। ये लोग जिस तरह खरीद-फरोख्त करते हैं, ऑपरेशन लोटस चलाते हैं। इनको सीबीआई, ईडी कुछ नहीं करती। इनके लोग भी सीबीआई, ईडी की जाल में हैं। वो भी नहीं बचेंगे।'

• आलमगीर आलम विशेष सत्र में शामिल होने के लिए सोमवार को हाईकोर्ट पहुंचे। कोर्ट ने सुनवाई से इनकार कर दिया। हाईकोर्ट ने कहा जब निचली अदालत में केस लंबित है तो फिर हाईकोर्ट कैसे सुनवाई कर सकता है। आलमगीर आलम अब दोबारा सिविल कोर्ट जा रहे हैं।  

• नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने विधानसभा में हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधा।

• झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन झारखंड विधानसभा पहुंचे।

• हेमंत सोरेन ने विधानसभा में मंत्रिपरिषद के बहुमत का प्रस्ताव रखा।

• विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो ने विश्वास प्रस्ताव पर एक घंटे चर्चा की परमिशन दी है।

हेमंत सोरेन खुद गाड़ी चला कर कल्पना सोरेन के साथ पहुंचे विधानसभा
फ्लोर टेस्ट के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री खुद गाड़ी चला कर अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ विधानसभा पहुंचे हैं। दरअसल, झारखंड के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है कि दो विधायक बतौर पति-पत्नी सदन की कार्यवाही में हिस्सा लेने जा रहे हैं। कल्पना सोरेन गांडेय विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जीत हासिल कर विधायक चुनी गईं हैं।  

विधानसभा परिसर में भाजपा विधायकों का प्रदर्शन
हेमंत सोरेन सरकार के फ्लोर टेस्ट से पहले विधानसभा परिसर में भाजपा विधायकों ने प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी धरना देने पहुंचे हैं। 

39 विधायकों का चाहिए समर्थन
झारखंड विधानसभा के सदस्यों की कुल संख्या मनोनीत सहित 82 है। चार विधायक सांसद बन चुके हैं। इसमें झामुमो की जोबा मांझी और नलिन सोरेन, भाजपा के मनीष जायसवाल और ढुलू महतो शामिल हैं। जामा से झामुमो विधायक सीता सोरेन ने इस्तीफा दे दिया है। वह भाजपा में हैं। ऐसे में अभी विधानसभा में विधायकों की कुल संख्या 77 है। सरकार गठन के लिए 51 फीसदी यानी 39 विधायकों का समर्थन सरकार को चाहिए। 

विश्वासमत के बाद आज ही कैबिनेट का भी विस्तार
विश्वासमत हासिल करने के बाद सोमवार को ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। इसमें ज्यादा फेरबदल की संभावना नहीं है। झामुमो कोटे से बैद्यनाथ राम को शामिल किए जाने की चर्चा है। जबकि कांग्रेस के डॉ. इरफान अंसारी का मंत्री बनना तय माना जा रहा है। आलमगीर आलम के इस्तीफे से रिक्त हुई सीट पर उन्हें समायोजित किया जाएगा। कांग्रेस कोटे के अन्य मंत्री फिर से जगह पा सकते हैं। कांग्रेस में बदलाव की स्थिति में तीन नए चेहरों को जगह मिल सकती है। 

हेमंत सरकार अंतर्कलह से घिरी और डरी हुई है: बाउरी
नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा है कि हेमंत सरकार अंतर्कलह और विवाद से घिरी और डरी हुई है। मुख्यमंत्री में हिम्मत नहीं है कि वे पूरे मंत्रिमंडल के साथ विश्वासमत हासिल करें। अमर कुमार बाउरी रविवार को पार्टी विधायकों के साथ हुई बैठक के बाद मीडिया को संबोधित कर रहे थे। यह बैठक भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष के अलावा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, विधायक सीपी सिंह, नीलकंठ सिंह मुंडा, भानु प्रताप शाही, बिरंची नारायण, अनंत ओझा, रामचंद्र चंद्रवंशी, नीरा यादव, रणधीर सिंह, नवीन जायसवाल, राज सिन्हा, कोचे मुंडा, केदार हाजरा, अपर्णा सेन गुप्ता, आलोक चौरसिया, नारायण दास, किशुन दास, शशि भूषण मेहता, अमित मंडल और पुष्पा देवी उपस्थित थे। 

Devesh Mishra

लेखक के बारे में

Devesh Mishra
देवेश मिश्रा लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। साल 2022 में उन्होंने यहीं से बतौर ट्रेनी अपने करियर की शुरुआत की। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। उन्हें वायरल और यूनिक खबरों में विशेष दिलचस्पी रहती है। खबर लिखने के साथ-साथ वीडियो और पॉडकास्ट बनाने में भी मन रमता है। देवेश को डिबेट का शौक है। इसके लिए उन्हें दर्जनों बार गोल्ड मेडल भी मिल चुका है। समय मिलने पर साहित्य की शरण में जाना पसंद करते हैं। कीबोर्ड के बाद अब हारमोनियम पर उंगलियां सेट कर रहे हैं। और पढ़ें