गिरिडीह में देवर भाभी से कर रहा था यौनाचार, फिर जानिए लोगों ने क्या किया
गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड के एक गांव में देवर द्वारा भाभी के साथ यौनाचार व पिटाई करने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में आरोपी युवक को पेड़ से बांधने का भी वीडियो क्षेत्र में वायरल हुआ है।...

गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड के एक गांव में देवर द्वारा भाभी के साथ यौनाचार व पिटाई करने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में आरोपी युवक को पेड़ से बांधने का भी वीडियो क्षेत्र में वायरल हुआ है। पेड़ से बांधने की घटना शुक्रवार की है।
बिरनी के एक गांव की महिला का पति दिव्यांग है। इसका फायदा उक्त महिला का देवर उठा रहा था। महिला का आरोप है कि देवर उसके साथ यौन उत्पीड़न कर रहा था। प्रताड़ना से तंग आकर वह शुक्रवार को घर से भागकर स्थानीय प्रमुख के घर आ पहुंची। महिला के पीछे-पीछे आरोपी देवर भी आ धमका। इस बीच लोगों ने आरोपी युवक को दबोच लिया और प्रमुख के घर के सामने पेड़ में बांध कर जमकर पिटाई की। पिटाई से आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। इसकी सूचना बिरनी थाना प्रभारी सुरेश कुमार मंडल को दी गई। शाम में पुलिस पहुंची और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
युवक ने लगाया पिटाई का आरोप : इधर पुलिस गिरफ्त में आने के बाद आरोपी युवक ने कई लोगों पर बांध कर पिटाई करने का आरोप लगाया है। इस आरोप के बाद बिरनी पुलिस ने युवक का मेडिकल चेकअप भी करवाया है। चेकअप के बाद युवक के खिलाफ महिला के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
भाग रहा था युवक तो बांधा गया : बिरनी के प्रमुख के पति मनोज सिंह ने पूरी घटना बतायी। कहा कि शुक्रवार को घर के लोग पूजा-अर्चना में लगे थे। तभी एक महिला उसके घर के पास आ गयी और रोने लगी। महिला का कपड़ा भी फटा था और वह लगातार रो रही थी। पीछे से महिला का देवर भी आ गया और सभी के सामने महिला की पिटाई करने लगा। यह देखकर आसपास के लोग दौड़े। युवक को रोकने का प्रयास किया गया तो युवक सभी को धक्का देने लगा। ऐसे में उसे बांध दिया और इसकी सूचना पुलिस को दी गयी। युवक के साथ मारपीट किसी ने नहीं की है बल्कि उक्त युवक ही भाभी को लगातार पीट रहा था। इससे लोग गुस्से में आकर युवक को बांध दिया।
हो रही अग्रेतर कार्रवाई : इस मामले पर थाना प्रभारी सुरेश मंडल ने कहा कि महिला के साथ यौनाचार के आरोपी देवर को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। वहां से उसे न्यायिक हिरासत में केंद्रीय कारा भेज दिया गया। वहीं पीड़िता को मेडिकल चेकअप के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। रही बात युवक को बांधने की तो इस मामले की भी जांच की जा रही है।
