ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंडदुर्गा पूजा: प्रशासन ने रांची को 10 जोन में बांटा, भीड़ पर नजर रखेंगे 173 मजिस्ट्रेट; पंडाल के पास सादे लिबास में तैनात रहेगी पुलिस

दुर्गा पूजा: प्रशासन ने रांची को 10 जोन में बांटा, भीड़ पर नजर रखेंगे 173 मजिस्ट्रेट; पंडाल के पास सादे लिबास में तैनात रहेगी पुलिस

दुर्गा पूजा शुरू हो चुकी है। एक अक्तूबर से सभी पूजा पंडालों के पट खुल जाएंगे। ऐसे में माहौल को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

दुर्गा पूजा: प्रशासन ने रांची को 10 जोन में बांटा, भीड़ पर नजर रखेंगे 173 मजिस्ट्रेट; पंडाल के पास सादे लिबास में तैनात रहेगी पुलिस
Sneha Baluniवरीय संवाददाता,रांचीThu, 29 Sep 2022 05:53 AM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

दुर्गा पूजा प्रारंभ हो चुकी है और एक अक्तूबर से लगभग सभी पूजा पंडालों के पट खुल जाएंगे। पट खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। शांतिपूर्ण माहौल में पूजा संपन्न कराने को लेकर रांची जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। 173 मजिस्ट्रेट की विशेष प्रतिनियुक्ति की गई है। सुरक्षा व किसी भी अनहोनी से निबटने के लिए नियंत्रण कक्ष व चार जोनल उपनियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं। 

श्रद्धालुओं के लिए पैदल मार्गों पर भी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। रांची के उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा और एसएसपी किशोर कौशल द्वारा इसका संयुक्तादेश निकाला गया है। संयुक्तादेश के अनुसार एक से चार अक्तूबर तक त्योहार मनाया जाएगा। पांच और छह अक्तूबर को दुर्गा पूजा समितियों द्वारा प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। इसके लिए पंडालों व विसर्जन स्थल पर पुलिस पदाधिकारी व मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है। 

राजधानी को 10 जोन में बांटते हुए जोनल मजिस्ट्रेट प्रतिनियुक्त किए गए हैं। मुख्य नियंत्रण कक्ष के अलावा अलबर्ट एक्का चौक, डोरंडा, सदर और रातू में चार उपनियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं। सभी नियंत्रण कक्ष के लिए तीन अलग-अलग पाली में तीन मजिस्ट्रेट व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

पैदल मार्ग पर तैनात रहेंगे 44 पुलिस पदाधिकारी 

पूजा पंडालों के भ्रमण के लिए बहाल पैदल मार्ग पर वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। ऐसे 44 पैदल मार्ग पर पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है और 200 पुलिसकर्मी भी लगाए जाएंगे। इन मार्गों पर तथा पंडालों के समीप प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों में कई सादे लिबास में तैनात रहेंगे।

शांति व्यवस्था को लेकर फ्लैग मार्च

राजधानी में शांति व्यवस्था को लेकर बुधवार को दिन के दो बजे मेन रोड के अलबर्ट एक्का चौक से पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में फ्लैग मार्च रतन पीपी तक गया। इसमें चार थानों के थानेदार, बड़ी संख्या में जिला बल के पुलिसकर्मी, जैप, आईआरबी और आइसीओ के जवान के अलावा अश्रु दस्ता और दंगा निरोधी टीम शामिल हुई।

दिनभर होती रही गश्त

एहतियात के तौर पर मेन रोड और इसके आसपास के इलाके में संबंधित थाना की ओर से दिनभर नियमित गश्त होती रही। पूजा और विधि-व्यवस्था को लेकर रांची शहरी इलाके में एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर लगाया जा चुका है। इसके अलावा नगड़ी समेत अन्य प्रखंड में भी पुलिसकर्मियों को भेजने का क्रम देर शाम तक जारी रहा। करीब दो हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती अलग से की जा रही है।

155 पूजा पंडालों के लिए 63 मजिस्ट्रेट

रांची में 155 ऐसे पूजा पंडाल चिन्हित किए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं की ज्यादा भीड़ होती है। यहां 63 मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है। नौ चिन्हित विसर्जन स्थल के लिए मजिस्ट्रेट व पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। 17 सुरक्षित व गश्ती मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। इसके अलावा रांची और आसपास के मुफस्सिल क्षेत्रों के लिए 29 व बुंडूू अनुमंडल के लिए छह मजिस्ट्रेट प्रतिनियुक्त किए गए हैं। बुंडू में 30 अतिरिक्त गश्ती मजिस्ट्रेट व पुलिस पदाधिकारी को एक गुणा चार पुलिस बल के साथ प्रतिनियुक्त किया गया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें