ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंडअपराधी लॉकडाउन, 80 प्रतिशत तक घटा अपराध

अपराधी लॉकडाउन, 80 प्रतिशत तक घटा अपराध

लॉकडाउन के बाद से जमशेदपुर शहर का अपराध 80 प्रतिशत तक घट गया है। शहर में जहां पहले औसतन हर महीने 10 लोगों की हत्याएं होती थीं, वहीं लॉकडाउन के अप्रैल में तीन तो मई में दो लोगों की हत्या हुई है। इसी...

अपराधी लॉकडाउन, 80 प्रतिशत तक घटा अपराध
जमशेदपुर। संवाददाता Wed, 20 May 2020 01:45 PM
ऐप पर पढ़ें

लॉकडाउन के बाद से जमशेदपुर शहर का अपराध 80 प्रतिशत तक घट गया है। शहर में जहां पहले औसतन हर महीने 10 लोगों की हत्याएं होती थीं, वहीं लॉकडाउन के अप्रैल में तीन तो मई में दो लोगों की हत्या हुई है।
इसी तरह दो महीने में लूट की घटना दो तो चेन स्नेचिंग की एक घटना घटी है। हर महीने छोटी-बड़ी मिलाकर चोरी का कुल आंकड़ा सौ के पास चला जाता था, जो घटकर प्रति महीने औसत 25 तक आ गया है। घरों में बड़ी चोरी की वारदात शून्य है, जबकि दो मामले चोरी के हुए, जिसमें महज मोबाइल व दूसरे छोटे सामान चुराए गए। वाहन चोरी में तो अप्रत्याशित रूप से कमी आई है। पहले प्रतिमाह शहर से औसतन 50 दोपहिया वाहनों की चोरी होती थी, जो घटकर दो से तीन पर आ गई है।
अपराध घटने की ये हैं वजह
लॉकडाउन के चलते लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। पुलिस सड़क पर है। अपराधियों की ओर से खुलकर गिरोहबंदी नहीं हो पा रही है। जेल में भी बंदियों में विकट स्थिति है। किसी को कक्ष से बाहर निकलने नहीं दिया जा रहा है। चोरी हुए सामान को बेचने का संकट है। चोरी कर वे भागने के लिए ट्रेन या सड़क मार्ग से किसी दूसरे राज्य का रास्ता नापते थे, अब वह भी बंद है। चेन स्नेचिंग इसलिए बंद है क्योंकि हेरोइन, गांजा आसानी से नहीं मिल रहा है। इसके अलावा शहर की सड़क पर पुलिस है और हर तरफ चेकनाका लगा है। दुष्कर्म में कमी इसलिए आई है कि दुष्चरित्र के लोग भय से बाहर नहीं निकल रहे हैं। परिवार घर में है और उनके साथ बच्चियां भी महफूज हैं। शहर के बाहर से गिरोह आकर रुपयों की लूट, चकमा देकर ठगी, चेन स्नेचिंग करता था, जो लॉकडाउन के चलते आ नहीं पा रहे हैं। वर्तमान में जो घटनाएं हो रही हैं, वह किसी गिरोह द्वारा नहीं, बल्कि कुछ मोहल्लेवार अपराधी इसे अंजाम दे रहे हैं।

22 मार्च से 19 मई तक के आंकड़े
हत्या 5
लूट 2
डकैती 0
घर में चोरी 3
अन्य छोटी चोरियां 34
दुष्कर्म 04
वाहन चोरी 8

फरवरी से 21 मार्च तक
हत्या 22
लूट 08
डकैती 2
घर में चोरी 28
अन्य चोरियां 161
दुष्कर्म 19
वाहन चोरी 46

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें