ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंडकांग्रेस पार्टी डूबता हुआ जहाज, कांग्रेसियों को राहुल गांधी पर भरोसा नहीं: शाहनवाज हुसैन

कांग्रेस पार्टी डूबता हुआ जहाज, कांग्रेसियों को राहुल गांधी पर भरोसा नहीं: शाहनवाज हुसैन

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने शनिवार (14 मार्च) को कहा कि कांग्रेस की दुर्दशा के लिए खुद कांग्रेस पार्टी जिम्मेदार है और आज इसकी दशा डूबते हुए उस जहाज की तरह...

कांग्रेस पार्टी डूबता हुआ जहाज, कांग्रेसियों को राहुल गांधी पर भरोसा नहीं: शाहनवाज हुसैन
भाषा,रांचीSun, 15 Mar 2020 01:36 AM
ऐप पर पढ़ें

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने शनिवार (14 मार्च) को कहा कि कांग्रेस की दुर्दशा के लिए खुद कांग्रेस पार्टी जिम्मेदार है और आज इसकी दशा डूबते हुए उस जहाज की तरह हो गई है जिस पर सवार लोग अपनी जान बचाने के लिए उससे कूद कर भाग रहे हैं। शाहनवाज हुसैन ने रांची में एक संवाददाता सम्मेलन में यह बात कही।

उन्होंने जोर दिया कि वर्तमान में विशेषकर कांग्रेस के युवाओं को यह समझ में आ गया है कि पार्टी नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में न तो उनका भला होने वाला है और न ही देश का भला होने वाला है। उन्होंने कहा, "मध्यप्रदेश में युवा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया की घर वापसी हुई है। वह पहले पार्टी नेताओं के दिल में बसते थे, अब सिंधिया भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा उनके दादी की खड़ी की हुई पार्टी है। स्व राजमाता जी एवं स्व माधवराव सिंधिया पहली बार विधानमंडल में जनसंघ से ही जीत कर गए थे। अब ज्योतिरादित्य सिंधिया जी भी पहली बार राज्यसभा में भाजपा के सदस्य के रूप में जाएंगे।"

राहुल गांधी बोले- सिंधिया अपने भविष्य को लेकर चिंतित थे, BJP में नहीं मिलेगा सम्मान

मध्यप्रदेश के राजनीतिक परिदृश्य पर पूछे गये सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "मध्य प्रदेश में कांग्रेस जाने वाली है। जल्द ही वहां भाजपा की सरकार बनेगी। अन्य प्रदेशों में भी कांग्रेस में भगदड़ मची है। झारखंड भी इससे अछूता नहीं है।" सीएए कानून पर बोलते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा, ''यह नागरिकता देने वाला कानून है, नागरिकता लेने वाला नहीं। भारतीय मुसलमानों को डरने की आवश्यकता नहीं। वह यहीं के हैं और यही रहेंगे, परंतु बंग्लादेशी घुसपैठियों के लिए यहां कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि वीजा की अवधि समाप्त होने पर मुसलमानों को भी मक्का मदीना छोड़ना पड़ता है।"

उन्होंने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा, ''अगर मजहब एक है तो फिर क्यों मुस्लिम देश आपस में लड़ रहे हैं। धर्म निजी मामला है इसे राष्ट्रीयता से न जोड़ें।" उन्होंने कहा, ''भारत के मुसलमानों के लिए भारत से अच्छा देश नहीं, हिन्दू से अच्छा दोस्त नहीं और नरेंद्र मोदी से अच्छा नेता नहीं।" हुसैन ने कहा कि नागरिकता कानून बनाकर मोदी सरकार ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, मौलाना आजाद, पंडित जवाहरलाल नेहरू, भीमराव आम्बेडकर के सपनों को साकार किया है। उन्होंने धरने पर रांची में बैठी महिलाओं से भी आग्रह किया कि वे किसी के बहकावे में नहीं आएं और धरना समाप्त करें।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें