चारा घोटाले में पैसों की बंदरबांट की CBI ने दी जानकारी, लालू प्रसाद और किंगपिन एसबी सिन्हा के रिश्ते को भी बताया
राजद प्रमुख लालू प्रसाद से जुड़े चारा घोटाले के सबसे बड़े मामले में शुक्रवार को सीबीआई की ओर से बहस की गई। विशेष लोक अभियोजक बीएमपी सिंह ने बहस के दौरान चारा घोटाले में किस प्रकार पैसे की बंदरबांट की...

राजद प्रमुख लालू प्रसाद से जुड़े चारा घोटाले के सबसे बड़े मामले में शुक्रवार को सीबीआई की ओर से बहस की गई। विशेष लोक अभियोजक बीएमपी सिंह ने बहस के दौरान चारा घोटाले में किस प्रकार पैसे की बंदरबांट की गई थी, उसके बारे में अदालत को जानकारी दी।
मामले में वादामाफ गवाह आपूर्तिकर्ता दीपेश चांडक की गवाही का उल्लेख करते हुए घोटाले में बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद, घोटाले के किंगपिंग पशुपालन विभाग के निदेशक रहे एसबी सिन्हा और आपूर्तिकर्ता मो सईद के आपसी रिश्ते से अदालत को अवगत कराया गया। बीएमपी सिंह ने दलीलें दी कि चारा घोटाले में आरोपी बनाया गया आपूर्तिकर्ता बिना आपूर्ति किए पैसे उठाता था।
20 प्रतिशत खुद रखकर शेष पैसे एसबी सिन्हा को दे देता था। आपूर्तिकर्ता से प्राप्त रुपए का 30 प्रतिशत एसबी सिन्हा स्वयं और डॉ केएम प्रसाद बांट लेते थे जबकि बाकी पैसे विभागीय अधिकारी, चिकित्सक, कोषागार के कर्मियों के बीच बांटे जाते थे। यह खेल अनवरत जारी रहा। मामले की सुनवाई सीबीआई के विशेष न्यायाधीश एसके शशि की अदालत में चल रही है।
गवाही के साक्ष्यों को अदालत में पढ़कर सुनाया
बहस के दौरान बीएमपी सिंह ने बिशप वेस्कॉट गर्ल्स हाईस्कूल की प्राचार्या एन जैकब द्वारा दी गई गवाही के साक्ष्यों को अदालत में पढ़कर सुनाया। कहा कि प्राचार्या द्वारा बताया गया था कि लालू प्रसाद की चार बेटियां स्कूल में पढ़ती थीं, जिसके स्थानीय अभिभावक के रूप में डॉ एसबी सिन्हा और पूर्व मंत्री इलियास हुसैन के कर्मचारी सूरज का नाम अंकित था। सूरज कुमार ने बताया था कि आपूर्तिकर्ता मो सईद के कहने पर ऐसा किया गया था। डोरंडा कोषागार से 139.35 करोड़ रुपए अवैध निकासी से जुड़े मामले में आगे की बहस की तारीख छह अप्रैल निर्धारित की गयी है। बता दें कि आरसी 47/96 से जुड़े इस मामले में लालू प्रसाद समेत 110 आरोपी ट्राइल फेस कर रहे हैं।


