बोकारो जिले की सीमाएं सील, लोगों से नजदीकियां बढ़ा रहे नक्सली
उग्रवाद प्रभावित झुमरा में नक्सली कोरोना वायरस को मौके की तरह देख रहे हैं। गांवों में महामारी का डर जगाकर नक्सली पैठ जमा रहे हैं। गांववालों को शहरी इलाकों में जाने और बाहर से किसी को आने देने पर...

उग्रवाद प्रभावित झुमरा में नक्सली कोरोना वायरस को मौके की तरह देख रहे हैं। गांवों में महामारी का डर जगाकर नक्सली पैठ जमा रहे हैं। गांववालों को शहरी इलाकों में जाने और बाहर से किसी को आने देने पर पाबंदी लगाने को उकसा रहे हैं। नक्सलियों के कहने पर ग्रामीणों ने ज्यादातर गांवों को सील कर दिया है। न किसी को गांव में आने की इजाजत है और न ही किसी को गांव से बाहर जाने की। कई गांव में ग्रामीण बारी-बारी से पहरा भी देने लगे हैं। एएसपी अभियान उमेश कुमार ने कहा कि सीआरपीएफ की ओर से लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत मंगलवार को भी झुमरा इलाके के उपरघाट में सर्च अभियान चलाया गया। लॉकडाउन में ग्रामीण पुलिस प्रशासन की सहायता ले रहे हैं।
सीआरपीएफ सक्रिय : स्थिति की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने भी झुमरा इलाके में सक्रियता बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारी नियमित सर्च अभियान चला रहे हैं। सरकार की ओर से उक्त ग्रामीण इलाकों में लगातार अनाज सहित अन्य राहत सामग्री भी पहुंचाई जा रही है।
पुलिस के खुफिया विभाग के सूत्र बताते हैं कि लॉकडाउन से पूर्व इस क्षेत्र में आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल सहित अन्य इलाकों से नक्सली पहुंचे थे। फिलहाल बाहरी नक्सलियों की गतिविधियां इन इलाकों में नहीं है। वर्तमान में नक्सल मूवमेंट समाप्त होते देख संगठन से जुड़े कई सदस्य अब ग्रामीणों से नजदीकियां भी बढ़ाने लगे हैं।
इनामी नक्सली दुर्योधन महतो की सक्रियता : झुमरा रेंज के कुख्यात इनामी नक्सली दुर्योधन महतो समय-समय पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए कई घटना को अंजाम दे चुका है। गत वर्ष दुर्योधन ने नक्सल पैठ मजबूत करने के लिए अपने नक्सल दस्ते के साथ चतरोचट्टी थाना के लोधी व कोढ़वा के बीच सड़क निर्माण में लगी जेसीबी मशीन, ट्रैक्टर, मिक्सर मशीन और जेनरेटर को आग के हवाले कर दिया था। ठेका कार्य में लगे मुंशी की हत्या कर दी थी। जिसके बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल था। लेकिन, पुलिस की कार्रवाई के बाद उसे उक्त स्थान को छोड़कर भागना पड़ा था।
यहां नक्सली हैं सक्रिय : गोमिया क्षेत्र के झुमरा पहाड़ की तलहटी में बसे राजडेरवा, धमधरवा, चैयाटांड़, दनरा, रौला, मुरपा, बेंदी एवं लुगू पहाड़ के तिलैया, लालगढ़, टूटी झरना, खैरा झरना सहित नक्सल इलाकों में दुर्योधन का दस्ता सक्रिय है।
लेखक के बारे में
rupeshरूपेश तिवारी 'लाइव हिन्दुस्तान' में सीनियर कंटेंट क्रिएटर हैं। पिछले 10 साल से प्रिंट और वेब मीडिया से जुड़े हैं।
और पढ़ें

