ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंडआधी रात को झूमर खेलने गए थे भाजपा नेता, जर्जर कुएं से मिला शव

आधी रात को झूमर खेलने गए थे भाजपा नेता, जर्जर कुएं से मिला शव

चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र के बौधाडीह पंचायत के नावाडीह गांव स्थित एक जर्जर कुएं से पुलिस ने भाजपा के कुंदा प्रखंड अध्यक्ष विनय सिंह भोक्ता का शव बरामद किया है। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के...

आधी रात को झूमर खेलने गए थे भाजपा नेता, जर्जर कुएं से मिला शव
प्रतिनिधि, चतरा Sat, 22 Sep 2018 06:31 PM
ऐप पर पढ़ें

चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र के बौधाडीह पंचायत के नावाडीह गांव स्थित एक जर्जर कुएं से पुलिस ने भाजपा के कुंदा प्रखंड अध्यक्ष विनय सिंह भोक्ता का शव बरामद किया है। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के बजराही लावालौंग स्थित जामुन टांड़ टोला निवासी भाजपा के कुंदा मंडल अध्यक्ष सह प्रखंड बीस सूत्री उपाध्यक्ष विनय सिंह भोक्ता करमा पूजा के मौके पर झूमर खेलने अपने साथियों के साथ 20 सितंबर की आधी रात नावाडीह गांव गए थे। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। भाजपा नेता के घर नहीं लौटने से चिंतित परिजनों ने कुंदा थाना पुलिस को मामले की सूचना देते हुए खोजबीन करने की गुहार लगाई थी। लेकिन इसी बीच अहले सुबह गांव से आधा किलोमीटर दूर एक जर्जर कुएं से ग्रामीणों की सूचना पर भाजपा नेता का शव पुलिस ने बरामद किया। शव मिलने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ घटनास्थल पर उमड़ने लगी। इसके बाद मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को कुएं में फेंकने का आरोप लगाया।  
परिजनों का आरोप है कि दो दिन पूर्व भाजपा नेता अपने साथियों के साथ झूमर खेलने घर से निकला था। उसके साथी तो घर लौट गए लेकिन वह नहीं लौटा। इससे यह स्पष्ट होता है कि योजनाबद्ध तरीके से पहले उसे घर से ले जाया गया और बाद में किसी को पता न चले इस उद्देश्य से गांव से दूर ले जाकर उसकी निर्मम हत्या कर शव को कुएं में डाल दिया गया। परिजनों का यह भी आरोप है कि जब भाजपा नेता घर से निकला था तो वह कपड़ा पहने हुआ था। लेकिन जब कुए से शव बरामद किया गया तो उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे। भाजपा कार्यकर्ता एवं परिजनों ने शव के साथ कुन्दा चौक को जाम कर दिया औऱ परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर हत्यारों को गिरफ्तार करते हुए जेल भेजने की मांग की है। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें