ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंडमहिला दारोगा से बदसलूकी पर बीजेपी नेता का बेटा हिरासत में

महिला दारोगा से बदसलूकी पर बीजेपी नेता का बेटा हिरासत में

सरायढेला थाने की महिला एएसआई से दुर्व्यवहार के आरोप में पुलिस ने मनईटांड़ निवासी भाजपा नेता दिलीप सिंह के पुत्र रवि और उसके दोस्त सूरज को हिरासत में ले लिया। भाजपा नेता के पुत्र को छुड़ाने के लिए...

महिला दारोगा से बदसलूकी पर बीजेपी नेता का बेटा हिरासत में
वरीय संवाददाता,धनबाद।Fri, 16 Nov 2018 12:43 PM
ऐप पर पढ़ें

सरायढेला थाने की महिला एएसआई से दुर्व्यवहार के आरोप में पुलिस ने मनईटांड़ निवासी भाजपा नेता दिलीप सिंह के पुत्र रवि और उसके दोस्त सूरज को हिरासत में ले लिया। भाजपा नेता के पुत्र को छुड़ाने के लिए थाने पहुंचे भाजपाइयों को फजीहत झेलनी पड़ी।

बाद में जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह भी लाव-लश्कर के साथ पहुंचे और दोनों लड़कों को छोड़ने के लिए दबाव बनाया। इंस्पेक्टर निरंजन तिवारी सहित जिले के आला अधिकारियों को थाने से ही पैरवी के लिए फोन लगाना शुरू किया। महिला एएसआई पर जब दबाव बढ़ाया गया, तो वह बिफर पड़ीं और कहा कि दोनों ने दुर्व्यवहार किया है। अगर दोनों को थाने से छोड़ा गया, तो मेरा इस्तीफा भी ले लीजिए। इसके बाद मामला गंभीर हो गया। महिला एएसआई न कुछ सुनने को तैयार हैं और न ही भाजपाई पीछे हटने को। देर रात तक भाजपाई थाना परिसर में जमे रहे। इधर, एएसआई ममता कुमारी ने युवकों के खिलाफ ड्यूटी के दौरान कार्य में बाधा पहुंचाने और दुर्व्यवहार की लिखित शिकायत थाने में की।

हेलमेट नहीं पहने था भाजपा नेता के बेटे

गुरुवार की शाम सरायढेला थाने चौक पर एएसआई ममता कुमारी के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस ने बताया कि भाजपा नेता दिलीप सिंह के पुत्र ने हेलमेट नहीं पहना था। जब बाइक के कागजात मांगे गए तो उन्होंने कागजात नहीं दिखाए। पुलिस ने बाइक जब्त कर जुर्माने की पेशकश की तो बाइक सवार पुलिसकर्मियों से ही उलझ गए। खुद को भाजपा नेता का पुत्र बताते हुए महिला एएसआई से दुर्व्यवहार किया।

इसके बाद पुलिस ने युवकों को हिरासत में ले लिया और उनकी बाइक जब्त कर ली। इसके बाद नेता पुत्र ने अपने पिता को फोन कर मामले की जानकारी दी। आरोप है कि भाजपा नेता ने कई लोगों को फोन कर थाने बुलाया।

थाने में लड़के और बाइक छोड़ने का दबाव बनाया जाने लगा। इसको लेकर उनकी पुलिसकर्मियों से कहासुनी भी हुई, लेकिन बात नहीं बनी। बाद में सूचना पाकर भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचे और लड़कों को छोड़ने की बात कही, लेकिन थाने में उनकी भी नहीं चली। थाने में हंगामा करने पर पुलिस ने जब हिरासत में लेने की बात कही तो समर्थक पीछे हटे।

बीजेपी जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि घटना की जानकारी मिली तो पुलिस के वरीय अधिकारियों से बातचीत की। एएसआई ममता कुमारी दुर्व्यवहार का आरोप लगा रही हैं। आरोपी मनईटांड़ मंडल के भाजपा अध्यक्ष दिलीप सिंह का पुत्र है। एएसआई से भी आग्रह किया कि बच्चा समझ माफ कीजिए। गलती हुई है, तो सुधरने का एक मौका दीजिए। बातचीत चल रही है।

ये भी पढ़ें: दुष्कर्म पीड़िता से गलत तरीके से पूछताछ पर महिला दरोगा सस्पेंड

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें