दुमका सीट झारखंड की नाक, इसे जीतना है; भाभी सीता को लेकर क्या बोले बसंत सोरेन?
दुमका संसदीय क्षेत्र से झामुमो प्रत्याशी बनाए जाने के बाद नलिन सोरेन का पहली बार उनका जामताड़ा आगमन हुआ है। उनके साथ बसंत सोरेन और विधायक स्टीफन मरांडी जामताड़ा पार्टी कार्यालय पहुंचे।

झारखंड के पथ निर्माण मंत्री बसंत सोरेन ने भाजपा पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि पूरे देश की नजर दुमका लोकसभा सीट पर है। दिल्ली की सरकार में बैठे बड़े नेता दुमका सीट पर टकटकी लगाए हैं। वे समझते हैं, दुमका सीट जीत लिया तो पूरे झारखंड को जीत लेंगे। दुमका लोकसभा क्षेत्र झारखंड की नाक है। इसे हर हाल में जीतना है।
बसंत सोरेन ने दुमका सीट बचाने और गुरुजी का सम्मान लौटाने के लिए कार्यकर्ताओं से झामुमो प्रत्याशी नलिन सोरेन को जिताने की अपील की। बसंत ने कहा कि सीता सोरेन घर में भाभी हैं और चुनाव मैदान में हमारी विरोधी हैं।
बसंत रविवार को जामताड़ा-दुमका रोड स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार षड्यंत्र कर रही है। षड्यंत्र के तहत पहले पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को झूठे मामले में फंसा कर जेल भेजा और उसके बाद घर तोड़ने का काम किया है।
बता दें कि दुमका संसदीय क्षेत्र से झामुमो प्रत्याशी बनाए जाने के बाद नलिन सोरेन का पहली बार उनका जामताड़ा आगमन हुआ है। उनके साथ बसंत सोरेन और विधायक स्टीफन मरांडी जामताड़ा पार्टी कार्यालय पहुंचे। यहां गर्मजोशी से झामुमो एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। प्रत्याशी नलिन सोरेन ने कहा कि भाजपा के षड्यंत्र को जनता समझ रही है। हमारे पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को फंसाने के बाद भी उसे चैन नहीं हुआ। इसलिए उसने घर तोड़ने का काम किया है। भाजपा पार्टी को तोड़ने का षड्यंत्र रच रही है, लेकिन झामुमो के लोग एकजुट हैं। हम सब मिलकर संगठन नहीं तोड़ने देंगे। दुमका सीट झामुमो की है। गुरुजी यहां के सांसद थे, लेकिन थोड़ी सी चूक के कारण यह सीट हमें खोना पड़ा। इस बार हम गलती नहीं करेंगे और दुमका के सम्मान को लौटाने का काम करेंगे।
दुमका में हमारी लड़ाई सीता से नहीं, भाजपा से : स्टीफन
झामुमो विधायक स्टीफन मरांडी ने कहा कि दुमका लोकसभा क्षेत्र में हमारी लड़ाई सीता सोरेन से नहीं है बल्कि भाजपा से है। भाजपा ने जिस तरह से षड्यंत्र कर संगठन को तोड़ने का काम किया है। हमारे पूर्व मुख्यमंत्री को झूठे मामले में फंसा कर जेल भेजा है। आज अगर हेमंत सोरेन जेल से बाहर होते तो पूरे राज्य में घूम कर चुनाव प्रचार करते। मौके पर जिलाध्यक्ष श्यामलाल हेम्ब्रम, पार्टी प्रवक्ता अशोक मंडल, देवाशीष मिश्रा, रवींद्रनाथ दुबे, प्रो कैलाश साव, प्रदीप मंडल, नंद गोपाल सिंह, वकील सिंह, अमित मंडल आदि मौजूद थे।