झारखंड में एक और ट्रेन डकैती, मुरी के बाद पलामू एक्सप्रेस में लूटपाट; यात्रियों पर हमला
झारखंड में मुरी एक्सप्रेस ट्रेन में डकैती के बाद एक और घटना सामने आई है। पटना से बरकाकाना के बीच चलने वाली पलामू एक्सप्रेस पर डकैतों ने धावा बोल दिया। स्लीपर कोच में यात्रियों से लूटपाट की गई।

ओडिशा के सम्भलपुर से जम्मूतवी जाने वाली मुरी एक्सप्रेस में डकैती के बाद झारखंड की एक और ट्रेन पर डकैतों ने धावा बोल दिया। बरकाकाना से पटना के बीच चलने वाली पलामू एक्सप्रेस में रविवार देर रात लूटपाट की वारदात सामने आई है। घटना अनुग्रह नारायण रोड और डेहरी ऑन सोन रेलवे स्टेशन के बीच 12 बजे रात में हुई। हथियार बंद डकैत ट्रेन के स्लीपर कोच S-2 में घुसे और यात्रियों पर हमला और लूटपाट करके फरार हो गए।
लूट का शिकार बने ऊंटारी के एक युवक ने बताया कि 5 डकैतों ने वारदात को अंजाम दिया। उसके पास से 3500 रुपये और कपडे का बैग लूट लिया। युवक पटना में रहकर पढाई करता था और वो अपने घर आ रहा था। बोगी में 4 यात्रियों के साथ लूटपाट की गई और इस दौरान उनपर हमला भी किया गया।
घटना की रेलवे पुलिस में भी शिकायत की गई है। जीआरपी ने भी इसकी पुष्टि की है। मामले के बारे में छानबीन की जा रही है। पुलिस टीम डकैतों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
