झारखंड: राज्यभर में 'भारत बंद' के दौरान राज्यभर में 8784 लोग गिरफ्तार
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में बुलाए गए बंद के दौरान राज्यभर में 8784 बंद समर्थकों की गिरफ्तारी हुई। कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों के कार्यकर्ता सुबह से ही सड़कों पर उतर आए थे। राज्य...
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में बुलाए गए बंद के दौरान राज्यभर में 8784 बंद समर्थकों की गिरफ्तारी हुई। कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों के कार्यकर्ता सुबह से ही सड़कों पर उतर आए थे। राज्य पुलिस प्रवक्ता आईजी आशीष बत्रा ने बताया कि बंद के दौरान उपद्रवियों से निपटने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। भारत बंद के दौरान कोल्हान और संताल परगना में बंद का व्यापक असर रहा। सर्वाधिक 831 गिरफ्तारियां जमशेदपुर से हुई। साहिबगंज से 707, रांची से 535, देवघर से 618, धनबाद से 482, गिरिडीह से 609 बंद समर्थकों की गिरफ्तारी हुई। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार बंद समर्थकों को सभी जिला मुख्यालय में बने कैंप जेल में रखा गया था।
कहां से कौन हुआ गिरफ्तार
बंद के दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार को जमशेदपुर, विधायक आलमगीर आलम को पाकुड़, गीताश्री उरांव को सिसई, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय को रांची, पूर्व विधायक सरफराज अहमद को गिरिडीह, पूर्व मंत्री अन्नपूर्णा देवी को कोडरमा, राज्यसभा सांसद धीरज साहु, विधायक सुखदेव भगत को लोहरदगा, इरफान अंसारी को जामताड़ा, पूर्व विधायक राकेश रंजन को महगामा, पूर्व सांसद फुरकान अंसारी को गोड्डा, पूर्व विधायक नियेल तिर्की को सिमडेगा, विधायक मनोज यादव को बरही, पूर्व विधायक बन्ना गुप्ता को जमशेदपुर से गिरफ्तार किया गया। शाम चार बजे सभी 8784 बंद समर्थकों को जिलों के कैंप जेल से रिहा कर दिया गया।
सीएम ने बंद की स्थिति का जायजा लिया
सोमवार की शाम मुख्यमंत्री रघुवर दास ने डीजीपी डीके पांडेय, आईजी ऑपरेशन आशीष बत्रा और रांची जोनल आईजी नवीन कुमार सिंह को प्रोजेक्ट भवन बुलाया था। मौके पर सीएम ने राज्य भर में बंद की स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने पूरे झारखंड में शांतिपूर्ण बंद की जानकारी अधिकारियों को दी।
कहां से कितनी गिरफ्तारी
रांची-535, खूंटी-30, गुमला-441, सिमडेगा-131, लोहरदगा-380, चाईबासा-140, जमशेदपुर-831, सरायकेला-392, पलामू-178, गढ़वा-301, लातेहार -255, हजारीबाग-391, रामगढ़-177,गिरिडीह-609, कोडरमा-304, चतरा-157, बोकारो-350, धनबाद-482, दुमका-315, देवघर-618, जामताड़ा- 517, पाकुड़- 165, गोड्डा- 378 एवं साहेबगंज- 707।
झारखंड डीजीपी डीके पांडेय ने बताया कि राज्य भर में बंद शांतिपूर्ण रहा। बंद के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे। कहीं से हिंसा या तोड़फोड़ की खबर नहीं मिली है। चार बजे के बाद बंद समर्थकों को कैंप जेल से रिहा कर दिया गया था।