मॉरीशस में फंसे झारखंड के 30 छात्र, भोजन पर आफत
कोरोना वायरस और लॉकडाउन के कारण आदित्यपुर सीटी पैलेस निवासी निवासी पार्षद राजरानी महतो के पुत्र राहुल महतो समेत झारखंड के 30 छात्र-छात्राएं मॉरीशस में फंस गए हैं। उन्हें भोजन भी नहीं मिल पा रहा है।...
कोरोना वायरस और लॉकडाउन के कारण आदित्यपुर सीटी पैलेस निवासी निवासी पार्षद राजरानी महतो के पुत्र राहुल महतो समेत झारखंड के 30 छात्र-छात्राएं मॉरीशस में फंस गए हैं। उन्हें भोजन भी नहीं मिल पा रहा है। सभी ने एक वीडियो जारी कर भारत और झारखंड सरकार से मदद मांगी है1
राहुल आईएचएम इंटरनेशनल कोलकाता से होटल मैनेजमेंट कर रहा है। वह द्वितीय वर्ष का छात्र है। गत वर्ष नवंबर में छह माह का प्रशिक्षण लेने के लिए वह मॉरीशस गया था। मई में उसका प्रशिक्षण पूरा होनेवाला था। 24 मार्च को प्लेन से भारत आने वाला था, लॉकडाउन के कारण सभी उड़ानें रद्द होने से वह मॉरीशस में ही फंस गया। वह मॉरीशस में झारखंड के अपने कुछ दोस्तों के साथ रहा रहा है। उसका राशन एक दिन पूर्व ही समाप्त हो गया है। अब खाने के लिए कुछ भी नहीं है। इधर, मां राजरानी महतो और पिता रितेन महतो दोनों चिंतित हैं। उन्होंने भी सरकार से अपने पुत्र को वापस लाने की गुहार लगाई है।
राहुल ने फोन पर 'हिंदुस्तान' से बातचीत में बताया कि उसके साथ झारखंड के विभिन्न जिलों के कुल 30 छात्र फंसे हैं। पूरे भारत से कुल 200 छात्र मॉरिशस में फंसे हुए हैं। राहुल ने बताया कि मॉरीशस में राशन की घोर कमी हो चुकी है। इसकी वजह से सभी भूखे रहने पर विवश है।
डिप्टी मेयर ने की सांसद से बात
इस मामले को लेकर आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर अमित सिंह उर्फ बॉबी सिंह ने जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो से फोन पर बात कर राहुल को सही सलामत वापस लाने की मांग की है।