Simdega News: न्याय के मंदिर में बुजुर्गों का सम्मान
Simdega News: सिमडेगा में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने बुजुर्ग फरियादियों को सम्मानित किया। सचिव मरियम हेमरोम ने कहा कि यह पहल बुजुर्गों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का प्रतीक है। यह दिन उनके अधिकारों और गरिमा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का अवसर है।

Simdega News: सिमडेगा, जिला प्रतिनिधि। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से गुरुवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में अनोखी पहल की गई। न्यायालय में अपनी समस्या लेकर पहुंचे बुजुर्ग फरियादियों,गवाहों और बेलरों को सम्मानित कर उनके प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का संदेश दिया गया।
बुजुर्गों का सम्मान
जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव मरियम हेमरोम,असिस्टेंट एलएडीसीएस सुकोमल सहित अन्य कर्मियों ने न्यायालय पहुंचे बुजुर्गों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सचिव मरियम हेमरोम ने कहा कि बुजुर्ग समाज के अनुभव और मार्गदर्शन के महत्वपूर्ण स्रोत हैं। वृद्धजन दिवस केवल औपचारिक रूप से मनाने का दिन नहीं है,बल्कि बुजुर्गों के सम्मान,अधिकार और गरिमा के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझने का अवसर भी है।
कानूनी सहायता का उद्देश्य
उन्होंने कहा कि कानूनी सहायता का उद्देश्य केवल लोगों को न्यायिक प्रक्रिया से जोड़ना ही नहीं,बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति को सम्मान और भरोसे का वातावरण उपलब्ध कराना भी है। बुजुर्गों को सम्मानित करने की यह पहल उसी भावना का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि समाज में बुजुर्गों के अनुभव और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है। डालसा की ओर से बताया गया कि जरूरतमंद बुजुर्गों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें न्यायिक प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो,इसका भी ध्यान रखा जाता है। वृद्धजनों के अधिकारों से जुड़े मामलों में उन्हें उपलब्ध कानूनी प्रावधानों और निःशुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी भी दी जाती है।

