Simdega News: कैबिनेट मंत्री के आकस्मिक निधन पर शोकसभा का आयोजन
Simdega News: सिमडेगा में कैबिनेट मंत्री दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर शोक सभा आयोजित की गई। अधिकारियों और कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी और दिवंगत मंत्री की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए। नगर परिषद ने भी दुःख व्यक्त करते हुए मंत्री के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।

Simdega News: सिमडेगा, जिला प्रतिनिधि। डीसी कंचन सिंह की उपस्थिति में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में कैबिनेट मंत्री दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनु के आकस्मिक निधन पर शोक सभा आयोजित की गई। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इसके पश्चात उपायुक्त सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मियों ने दिवंगत मंत्री की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। शोक सभा में परियोजना निदेशक आईटीडीए सरोज तिर्की, एसी गिरिजा शंकर महतो सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
नगर परिषद ने दिवंगत कैबिनेट मंत्री को दी श्रद्धांजलिनगर परिषद कार्यालय सभागार में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। मौके पर विभागीय मंत्री दिवंगत सुदिव्य सोनू के असामयिक निधन पर गहरी संवेदना और दुख व्यक्त किया गया। दिवंगत मंत्री जी की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। इसके बाद दिवंगत मंत्री जी की तस्वीर पर पुष्प अर्पण करते हुए उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया और ईश्वर से प्रार्थना की गई कि इस दुःख की घड़ी में ईश्वर दिवंगत मंत्री के परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। मौके पर अध्यक्ष ओलिवर लकड़ा, उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल रिंकू, कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद तिर्की, वार्ड सदस्य चंदन डे, राकेश लकड़ा, नगर प्रबंधक अर्पण इंदवार सहित कई नप अधिकारी, कर्मी उपस्थित थे।


