Simdega News: पूजा पंडालों में पार्किंग की व्यवस्था को करें मजबूत
Simdega News: सिमडेगा के दस पूजा पंडालों में से केवल गांधी मैदान और कुंज नगर में पार्किंग की सुविधा है। अन्य पंडालों के आसपास पर्याप्त जगह नहीं होने से श्रद्धालु सड़क किनारे और गलियों में वाहन खड़े करते हैं, जिससे जाम की आशंका रहती है। लोगों ने बस और टैक्सी स्टैंड को अस्थायी पार्किंग बनाने का सुझाव दिया है। डीसी ने भी पार्किंग व्यवस्था पर ध्यान देने का निर्देश दिया।

पूजा पंडालों में पार्किंग की समस्या
Simdega News:
सिमडेगा, प्रतिनिधि। दुर्गापूजा के दौरान मां दुर्गा के दर्शन के लिए शहर के पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। शाम ढलते ही परिवार के साथ पूजा घूमने निकलने वाले लोगों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में श्रद्धालुओं के सामने सबसे बड़ी समस्या अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करने की होती है। शहर में कुल दस पूजा पंडाल हैं। जिनमें गांधी मैदान और कुंज नगर पूजा पंडाल में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है। वहीं शेष पूजा पंडालों के आसपास पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोग मजबूरी में सड़क किनारे और पंडालों तक जाने वाली गलियों में वाहन खड़ा करते हैं। जिससे यातायात प्रभावित होने और जाम लगने की आशंका बनी रहती है। रामजानकी मंदिर स्थित पूजा पंडाल, नगर भवन, प्रिंस चौक, सामटोली, गुलजार गली, नीचे बाजार, रामनगर पावर हाउस के पास बने पूजा पंडाल में पार्किंग की समस्या विशेष रूप से देखने को मिलती है। यहां श्रद्धालु सड़क किनारे अथवा मंदिर की गली में वाहन खड़ा कर दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इससे रात के समय सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है और पुलिस को यातायात नियंत्रित करने में मशक्कत करनी पड़ती है। इस समस्या को लेकर किए गए डिजिटल संवाद में लोगों ने पार्किंग की बेहतर व्यवस्था को जरूरी बताया। लोगों का सुझाव है कि बस स्टैंड और टैक्सी स्टैंड जैसे स्थानों का अस्थायी पार्किंग के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि इसके लिए पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा की व्यवस्था भी जरूरी है। जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में डीसी कंचन सिंह ने भी पार्किंग व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया है। अब सवाल यह है कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को जाम और पार्किंग की परेशानी से राहत दिलाने के लिए प्रशासन क्या कदम उठाता है।


