Simdega News: संत फ्रांसिस असीसी के पर्व पर गूंजा शांति और सेवा का संदेश
Simdega News: सिमडेगा में संत फ्रांसिस असीसी का पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। बिशप विंसेंट बरवा की अगवाई में मिस्सा पूजा हुई। विधायक भूषण बाड़ा ने संत के संदेश को समकालीन समाज के लिए प्रासंगिक बताया। प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। संत के जीवन से प्रेरणा लेकर सेवा पर जोर दिया गया।

Simdega News: सिमडेगा, प्रतिनिधि। संत फ्रांसिस असीसी चर्च नानेसेरा में संत फ्रांसिस असीसी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बिशप विंसेंट बरवा की अगुवाई में मिस्सा पूजा हुई। उनका सहयोग फा. नेल्शन सहित अन्य धर्मगुरुओं ने किया। मौके पर सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा और जिप सदस्य जोसिमा खाखा भी उपस्थित थे। पर्व के अवसर पर हॉकी, फुटबॉल और सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों और प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। सभी प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। अपने संदेश में बिशप विंसेंट बरवा ने कहा कि संत फ्रांसिस असीसी ने पूरी दुनिया को प्रेम, शांति, सेवा और त्याग का संदेश दिया। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेकर जरूरतमंदों की सेवा करनी चाहिए। समाज में आपसी प्रेम और भाईचारा मजबूत करना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा करते हुए मानवता की सेवा करना ही संत फ्रांसिस के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
समाज में शांति, भाईचारा और आपसी सहयोग की भावना मजबूत करें: विधायक
विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि संत फ्रांसिस असीसी का जीवन प्रेम, सेवा और त्याग की मिसाल है। उन्होंने बिना किसी भेदभाव के हर व्यक्ति और पूरी सृष्टि से प्रेम करने का संदेश दिया। आज के समय में जब समाज में विभिन्न कारणों से दूरियां बढ़ रही हैं, ऐसे में संत फ्रांसिस के विचार और भी प्रासंगिक हो जाते हैं। हमें उनके बताए रास्ते पर चलते हुए समाज में शांति, भाईचारा और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करना चाहिए। जिप सदस्य जोसिमा खाखा ने कहा कि संत फ्रांसिस असीसी का जीवन समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने प्रेम, शांति और सेवा को जीवन का आधार बनाया। हमें भी उनके आदर्शों को अपनाकर जरूरतमंदों की मदद और समाज में आपसी सौहार्द बढ़ाने का प्रयास करना चाहिए।

