Simdega News: ईद मिलादुन्नबी जुलूस के रूट और सुरक्षा पर चर्चा
Simdega News: सिमडेगा में ईद मिलादुन्नबी पर्व का शांतिपूर्ण आयोजन करने के लिए एक बैठक हुई। इस बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ शांति समिति के सदस्यों ने विधि-व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा पर चर्चा की। 25 और 26 अगस्त को विभिन्न रैलियों और जुलूसों का आयोजन किया जाएगा।

Simdega News: सिमडेगा, प्रतिनिधि। शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में ईद मिलादुन्नबी पर्व संपन्न कराने को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। डीसी कंचन सिंह और एसपी श्रीकांत एस. खोटरे की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ शांति समिति के सदस्यों ने पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में बताया गया कि 25 अगस्त को बाइक रैली निकाली जाएगी। रैली सिमडेगा कॉलेज मोड़ से शुरू होकर केलाघाघ तक जाएगी और वहां से पुन: वापस लौटेगी। वहीं 26 अगस्त की सुबह आठ बजे रजा मस्जिद से पैदल जुलूस निकलेगा। जुलूस राष्ट्रीय राजमार्ग से होते हुए महावीर चौक और झूलन सिंह चौक से गुजरते हुए वापस रजा मस्जिद पहुंचेगा। रात्रि में मस्जिद परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। बैठक में डीडीसी दीपांकर चौधरी, आईटीडीए निदेशक सरोज तिर्की, अपर समाहर्ता गिरिजा शंकर महतो, सिविल सर्जन सुंदर मोहन सामद, एसडीओ सुमन्त तिर्की, डीएसपी, थाना प्रभारी, नगर परिषद अध्यक्ष ओलिवर लकड़ा, उपाध्यक्ष दीपक कुमार अग्रवाल, चैंबर अध्यक्ष मोतीलाल अग्रवाल सहित शांति समिति के सदस्य मौजूद थे。
एनएच लंबे समय तक बाधित नहीं हो:
डीसी कंचन सिंह ने कहा कि एनएच-143 जिले के लिए महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग है। इसे लंबे समय तक जाम या बाधित नहीं किया जा सकता। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों भारी वाहनों का आवागमन होता है। मुंबई, ओडिशा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु सहित कई राज्यों से आने-जाने वाले वाहन इसी मार्ग से गुजरते हैं। उन्होंने निर्धारित समय पर जुलूस शुरू कर निर्धारित समय के भीतर समाप्त करने की अपील की, ताकि आम राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी नहीं हो। उन्होंने सिविल सर्जन को एंबुलेंस एवं मेडिकल टीम तथा अग्निशमन विभाग को फायर ब्रिगेड की तैनाती का निर्देश दिया।
एसपी ने अफवाहों से बचने की अपील
एसपी श्रीकांत एस. खोटरे ने सोशल मीडिया पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि व्हाट्सऐप या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक, आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री साझा नहीं करें। दूसरे स्थानों के पुराने वीडियो को गलत संदर्भ में प्रसारित करने से बचें। समूह संचालक ऐसी सामग्री को तत्काल हटाएं और संदिग्ध पोस्ट की सूचना पुलिस को दें। उन्होंने बताया कि जुलूस में डीजे का प्रयोग नहीं होगा। साउंड सिस्टम पर बजने वाले गीतों की पहले से जांच होगी और आपत्तिजनक या भड़काऊ गीतों पर रोक रहेगी।


