
श्रीकांत एस खोटरे ने 21 वें एसपी के रूप में किया प्रभार ग्रहण
सिमडेगा के नव पदस्थापित एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने 21वें एसपी के रूप में प्रभार ग्रहण किया। उन्होंने जिले की विधि व्यवस्था को मजबूत बनाने का संकल्प लिया और कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान 24 घंटे उपलब्ध रहेगा। डीसी से मुलाकात के दौरान उन्होंने जिले के विकास पर चर्चा की।
सिमडेगा, प्रतिनिधि। जिले के नव पदस्थापित एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने 21वें एसपी के रूप में बुधवार को प्रभार ग्रहण किया। प्रभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की भौगोलिक स्थिति एवं विधि व्यवस्था के संबंध में चर्चा की। एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने प्रभार ग्रहण करते ही जिले की विधि व्यवस्था को अटल संकल्प के साथ मजबूती प्रदान करने की बात कही। उन्होंने कहा कि जिले की अमन-शांति को बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी, तथा जिले में किसी भी अवैध या गैर-कानूनी कृत्य को कदापि सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने आम जनता के प्रति अपनी खुली निष्ठा व्यक्त करते हुए कहा कि उनका कार्यालय 24 घंटे सभी के लिए सुलभ रहेगा, जहां जिले के निवासी अपनी किसी भी विपत्ति या समस्या को निर्भीक होकर रख सकेंगे।
साथ ही, उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं ओपी प्रभारियों को जनता के साथ मित्रवत्, सहृदय व्यवहार अपनाने का आदेश दिया, ताकि कानून का राज न केवल कठोर हो, अपितु करुणा से ओतप्रोत भी रहे। उन्होंने जिले में पोस्को एक्ट के मामले पर भी चिंता व्यक्त करते हुए इसके लिए सभी के सहयोग से जागरुकता अभियान चलाने की बात कही। एसपी ने जिले के सभी पुलिस अधिकारी एवं पुलिस जवानों को भी मिलने वाली सुविधा असानी से मिले इसके लिए कार्य करने की बात कही। इससे पूर्व परिसदन भवन में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ एसपी का स्वागत किया गया। मौके पर डीएसपी रणवीर सिंह, एसडीपीओ बैजु उरांव, प्रशिक्षु डीएसपी रविकांत साहू, मेजर रंजीत सिंह, इंस्पेक्टर भिखारी राम, सदर थाना प्रभारी रोहित कुमार रजक आदि उपस्थित थे। एसपी ने की डीसी से मुलाकात प्रभार ग्रहण करने के बाद एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने डीसी कंचन सिंह से भी मुलाकात की। डीसी ने बुके देकर नवपदस्थापित एसपी का जिले में स्वागत किया। और नई जिम्मेवारी के लिए उन्हें शुभकामना दी। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने जिले के संबंध में कई विषयों पर चर्चा की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




