शहर को समस्या से मुक्त करने के लिए तैयार है नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि
सिमडेगा नगर परिषद में नई सरकार का गठन हो चुका है। शहरवासियों ने विकास, स्वच्छता, पानी और सड़क जैसे मुद्दों पर भरोसा जताते हुए प्रतिनिधियों को चुना है। नई टीम को कई चुनौतियों का सामना करना होगा, जैसे पेयजल संकट और कचरा प्रबंधन। 20 वार्डों में से 11 वार्डों पर महिलाओं की जीत हुई है, जिससे परिषद में नई ऊर्जा और सोच का प्रवेश हुआ है।

सिमडेगा, प्रतिनिधि। नगर परिषद में नई सरकार बन चुकी है। अब केवल शपथ ग्रहण समारोह औपचारिक रूप से पूरा होना बाकी है। लेकिन शपथ से पहले ही यह स्पष्ट है कि आने वाले पाँच वर्षों में नई टीम को अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। शहरवासियों ने विकास, स्वच्छता, पानी और सड़क जैसे मुद्दों पर भरोसा जताते हुए अपने प्रतिनिधियों को चुना है और यही अपेक्षाएं अब नए वार्ड पार्षदों के सामने सबसे बड़ी परीक्षा होंगी। नई सरकार के सामने सबसे गंभीर चुनौती शहर की मूलभूत सुविधाओं को व्यवस्थित और बेहतर बनाना है। पिछले कई वर्षों से सिमडेगा में पेयजल संकट, ओवरफ्लो नालियां, कचरा प्रबंधन की कमजोर व्यवस्था और अनियोजित निर्माण जनता की परेशानी का बड़ा कारण रहे हैं।
इस बार मतदाता इन समस्याओं के समाधान को लेकर अधिक स्पष्ट और उम्मीदों से भरे नजर आए हैं। इसके साथ ही कई वार्डों में नए चेहरों के चुने जाने से यह भी तय है कि नगर परिषद में एक नई ऊर्जा और नई सोच प्रवेश कर चुकी है। लेकिन नए पार्षदों के लिए चुनौतियां भी कम नहीं होंगी। शहर में ऐसे कई कार्य हैं जो वर्षों से अधूरे पड़े नाली की सफाई, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था से लेकर साफ-सफाई की नियमित व्यवस्था जैसे काम समयबद्ध योजना के बिना कठिन साबित हो सकते हैं। नगर परिषद के कई नवनिर्वाचित पार्षदों ने बताया कि वे चुनाव के दौरान की गई घोषणाओं को पूरा करने के लिए पहले दिन से ही सक्रिय रहेंगे। एक पार्षद के कहा कि जनता ने हमें उम्मीदों के साथ चुना है। इसलिए हम पहले से ही अपने वार्ड के लिए कार्ययोजना तैयार कर चुके हैं। हर समस्या का त्वरित समाधान हमारा लक्ष्य रहेगा। उनका कहना है कि समय पर जानकारी, शिकायतों का त्वरित निपटारा और विभागों के बीच बेहतर समन्वय विकास की गति बढ़ाने में मदद करेगा। कुल मिलाकर शपथ से पहले ही ये साफ दिख रहा है कि सिमडेगा नगर परिषद की नई टीम तैयार है। लेकिन चुनौतियां बड़ी हैं। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि नई सरकार किस गति से कामों को जमीन पर उतारकर जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरती है। 20 वार्ड पार्षद में से 11 महिलाएं विजेता, 13 नए चेहरे वार्ड पार्षद में इस बार का चुनाव महिला सशक्तिकरण की मिसाल बनकर उभरा है। कुल 20 वार्डों में से 11 वार्डों पर महिलाओं ने जीत का परचम लहराया। जबकि नौ पुरुष प्रत्याशी विजयी हुए। पार्षद पद पर इस बार पुराने प्रतिनिधियों की वापसी कम देखने को मिली। सिर्फ छह पुराने चेहरे एक बार फिर जनता का विश्वास जीत पाए, जबकि बाकी 13 वार्डों में नए पार्षदों ने जीत हासिल कर नगर परिषद में नई सोच और नई ऊर्जा के प्रवेश का संकेत दिया। महिला पार्षदों की संख्या बढ़ने से परिषद के कामकाज में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के नए आयाम जुड़ने की उम्मीद है। कई महिला प्रतिनिधियों ने कहा कि वे अपने-अपने वार्ड में स्वच्छता, सुरक्षा और जलसंकट जैसे मुद्दों को प्राथमिकता के साथ हल करेंगी युवा पार्षदों ने तकनीक के बेहतर उपयोग और सूचना तंत्र को मजबूत करने की जरूरत बताई है। क्या कहते हैं नवनियुक्त वार्ड पार्षद सड़क, पेयजल और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करना सबसे पहला कदम होगा। वार्ड की जरूरतों को समझकर योजनाओं को जमीन पर उतारेंगे। जनता के साथ निरंतर संवाद रखकर विकास की दिशा तय करेंगे। -सुनीता देवी - हम वार्ड में हर छोटे-बड़े मुद्दे पर तुरंत कार्रवाई की पहल करेंगे। सफाई, स्ट्रीट लाइट और ड्रेनेज को व्यवस्थित करने के लिए विशेष अभियान चलेगा। जनता का भरोसा जीतने के लिए पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करेंगे। - वैजयंति देवी वार्ड में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में प्रयास होगा। सार्वजनिक सुविधाओं को तकनीक और प्लानिंग के साथ मजबूत करेंगे। हर नागरिक की पहुंच तक सेवा सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है। - इस्मत जहां सड़क-रोशनी और कचरा प्रबंधन को सुव्यवस्थित करना मुख्य लक्ष्य है। जलभराव की समस्या पर जल्द प्रभावी समाधान लाया जाएगा। हर माह वार्ड स्तर पर समीक्षा बैठक कर काम की गति बढ़ाई जाएगी। -मनोज कुमार अग्रवाल शहर की स्वच्छता में वार्ड को मॉडल बनाने की दिशा में काम होगा। सुरक्षित, साफ और सुविधाजनक वातावरण तैयार करना उद्देश्य है। समस्याओं का समयबद्ध समाधान हमारी प्राथमिकता रहेगी। - रोसा केरकेटटा बिजली, पानी और नाली की समस्याओं पर फोकस करते हुए त्वरित सुधार होंगे। स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़े छोटे-छोटे बदलावों पर भी ध्यान दिया जाएगा। जनता की शिकायतों के लिए सरल संपर्क व्यवस्था बनाई जाएगी। - अगुस्ता कुल्लू जो काम वर्षों से लंबित हैं, उन्हें प्राथमिकता में लेकर पूरा कराया जाएगा। ड्रेनेज और सड़क मरम्मत के लिए विभागों के साथ समन्वय बढ़ाएंगे। जनता के सुझावों को योजनाओं में शामिल कर सर्वसम्मति से विकास करेंगे। - मो वसीम उर्फ हीरु सुरक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़े मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। महिला समूहों को सक्रिय कर वार्ड में जनभागीदारी को बढ़ावा देंगे। प्रत्येक परिवार तक सुविधा और सुरक्षा का भरोसा पहुंचाना उद्देश्य है। - आयशा खातुन हम वार्ड में पारदर्शिता, ईमानदारी और तीव्र कार्रवाई के मॉडल को लागू करेंगे। जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप योजनाओं को गति दी जाएगी। बच्चों, युवाओं और बुजुर्ग सभी के लिए सुविधाएं बेहतर बनाना प्राथमिकता है। - कुलदीप किंडो फोटो पी12:-सुनीता देवी पी13:-वैजयंति देवी पी14:-इस्मत जहां पी15:-मनोज कुमार अग्रवाल पी16:-रोसा केरकेटटा पी17:-अगुस्ता कुल्लू पी18:-मो वसीम उर्फ हीरु पी19:-आयशा खातुन पी20:-कुलदीप किंडो -
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



