20 को बंद रहेगी जिले की सभी दवा दुकानें
सिमडेगा डिस्ट्रिक्ट केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन ने 20 मई को होने वाले राष्ट्रव्यापी बंद का समर्थन किया है। यह बंद अवैध ई-फार्मेसी संचालन और ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ है। एसोसिएशन ने आम जनता से अपील की है कि सभी दवा दुकानें बंद रहेंगी और आवश्यक दवाइयाँ पहले से खरीद लें।

सिमडेगा, प्रतिनिधि। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एवं झारखंड केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर 20 मई को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी बंद का सिमडेगा डिस्ट्रिक्ट केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन ने समर्थन किया है। एसोसिएशन ने बताया कि यह बंद अवैध ई-फार्मेसी संचालन एवं ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में आयोजित किया जा रहा है। संगठन का कहना है कि बिना उचित निगरानी के ऑनलाइन दवाओं की बिक्री आम जनता के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। साथ ही बड़ी कॉर्पोरेट कंपनियों द्वारा अत्यधिक छूट देकर बाजार व्यवस्था को प्रभावित किया जा रहा है। जिससे छोटे दवा व्यवसायियों के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो रहा है।
एसोसिएशन ने अवैध ई-फार्मेसी पर रोक, ऑनलाइन दवा बिक्री से संबंधित अधिसूचनाओं की समीक्षा तथा कॉर्पोरेट कंपनियों पर नियंत्रण करने की मांग की है। एसोसिएशन के लोगों ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि 20 मई को जिले की सभी दवा दुकानें बंद रहेंगी। इसलिए आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था पूर्व में ही कर लें। एसोसिएशन ने मरीजों को होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया गया है।-
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


