Simdega News: जीआई टैग से गौरवान्वित हुआ मांदर, स्थानीय हुनर को मिली नई पहचान: डीसी
Simdega News: झारखंड के मांदर को जीआई टैग मिलने से स्थानीय हुनर को नई पहचान मिली है। यह न केवल सांस्कृतिक विरासत का सम्मान है, बल्कि महिलाओं के समूहों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा। सिमडेगा की महिलाएं महज डेढ़ महीने में 111 मांदर तैयार कर चुकी हैं, जो उनकी मेहनत और सामूहिक प्रयास का प्रतीक है।

Simdega News: जीआई टैग से गौरवान्वित हुआ मांदर, स्थानीय हुनर को मिली नई पहचान: डीसी सिमडेगा, जिला प्रतिनिधि।
झारखंड की धरती की अपनी एक अलग धुन है। यहाँ पर जंगलों की सरसराहट, लोकगीतों की मिठास और मांदर की थाप में हमारी मिट्टी की आत्मा बसती है। ऐसे में हमारे पारंपरिक वाद्य यंत्र मांदर को जीआई टैग मिलना झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। यह पहचान केवल एक वाद्य यंत्र को नहीं मिली है बल्कि उन अनगिनत कारीगरों के हुनर, परिश्रम और पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा को सम्मान मिला है, जिन्होंने मांदर को अपने हाथों से आकार दिया और उसकी थाप को हमारी संस्कृति में जीवित रखा। यह बातें डीसी कंचन सिंह ने कही। उन्होंने मांदर को जीआई टैग मिलने पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व और प्रशासनिक प्रयासों से झारखंड की इस सदियों पुरानी सांस्कृतिक धरोहर को औपचारिक पहचान मिलना हम सभी के लिए गर्व का विषय है।
स्थानीय कारीगरों की मेहनत
यह जीआई टैग हमारी संस्कृति के संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय कारीगरों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई संभावनाएं देने का माध्यम भी बनेगा। उन्होंने कहा कि सिमडेगा की धरती ने इस दिशा में पहले ही एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया है। बानो प्रखंड के रायकेरा गांव की लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह की दीदियों ने महज डेढ़ महीने में 111 मांदर तैयार कर एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर चुकी है। इस कार्य से समूह की महिलाओं ने 14.43 लाख रुपये की आय अर्जित की थी। इसके अलावे भी जिले के अनगिनत गांव के कारीगर खासकर सैंकड़ो दीदियाँ माँदर बनाने का काम वर्षों से करते आ रहे हैं और इन माँदर की माँग दूर प्रदेशों तक गूँज चुकी है।
महिलाओं का सशक्तिकरण
यह केवल एक आर्थिक उपलब्धि नहीं है। यह उस विश्वास की कहानी है कि जब हमारी ग्रामीण महिलाएं अपने हुनर, मेहनत और सामूहिक शक्ति के साथ आगे बढ़ती हैं तो परंपरा भी रोजगार बनती है और संस्कृति भी आत्मनिर्भरता का आधार बनती है। मुझे सिमडेगा की इन आत्मनिर्भर दीदियों पर गर्व है। डीसी ने कहा कि जीआई टैग मिलने के बाद हमारे कारीगरों और महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए मांदर निर्माण को व्यापक बाजार और नई पहचान मिलने की संभावनाएं और मजबूत हुई हैं।
संस्कृति और पहचान
हमारा प्रयास होना चाहिए कि हमारी संस्कृति सुरक्षित भी रहे और उससे जुड़े लोगों की आजीविका भी मजबूत हो। जब आने वाले दिनों में सांस्कृतिक केंद्रों, धुमकुड़िया भवनों और गांवों में मांदर की थाप गूंजेगी तो उसमें केवल संगीत नहीं होगा। उसमें हमारी मिट्टी की पहचान, हमारी परंपरा की ताकत और हमारी आत्मनिर्भर दीदियों की मेहनत की आवाज भी सुनाई देगी। मांदर की थाप हमारी पहचान है। हमारे कारीगरों का हुनर हमारी ताकत है और हमारी दीदियों की आत्मनिर्भरता हमारे सशक्त सिमडेगा की नई कहानी है।
डीसी ने जिलेवासियों से अपनी संस्कृति को सहेजने, स्थानीय हुनर को सम्मान देने और आत्मनिर्भरता की इस यात्रा को मिलकर आगे बढ़ाने की अपील की है।
फोटो
पी4- सिमडेगा में मांदर बनाती एसएचजी समूह की दीदियां
-

