Simdega News: ग्राम सभाओं को मजबूत कर सामूहिक व्यापार पर जोर
Simdega News: ठेठईटांगर के विवाह मंडप में आयोजित प्रखंड स्तरीय बैठक में 22 ग्राम सभाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में पेसा कानून और ग्राम सभा के अधिकारों पर चर्चा की गई। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने ग्राम सभाओं को सशक्त बनाने और स्थानीय उत्पादों के सामूहिक व्यापार की आवश्यकता पर जोर दिया।

Simdega News: ठेठईटांगर, प्रतिनिधि। प्रखंड स्थित विवाह मंडप में शुक्रवार को प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित की गई। प्रखंड अध्यक्ष सिप्रियन समद की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न ग्राम सभाओं के प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में कुल 22 ग्राम सभाओं की उपस्थिति रही। बैठक में अनुप लकड़ा ने पेसा कानून एवं नियमावली की जानकारी देते हुए ग्राम सभा के अधिकारों और भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्थानीय स्वशासन को मजबूत करने के लिए ग्राम सभाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने की जरूरत बताई। वहीं समर्पण सुरीन ने ग्राम सभा के सशक्तिकरण, संगठन के विस्तार तथा वनोपज एवं कृषि उत्पादों के सामूहिक व्यापार पर विचार साझा किए।
उन्होंने कहा कि ग्राम सभाओं के माध्यम से स्थानीय स्तर पर उपलब्ध वनोपज और कृषि उत्पादों का सामूहिक संग्रहण एवं विपणन किया जाए, तो ग्रामीण उत्पादकों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जा सकता है। इससे उत्पादकों को उनके सामान का उचित मूल्य मिलने की संभावना भी बढ़ेगी। बैठक में सुबरदानी लुगुन, सुनील मिंज, विपिन पंकज मिंज, बीरबल बड़ाइक, नेलशन केरकेट्टा, प्रिशिला डुंगडुंग, जोर्जिना समद सहित विभिन्न ग्राम सभाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।


